Site icon Dainik Savera Times

कई राज्यों में भारी बारिश से हाहाकार, दिल्ली और यूपी में हल्की राहत, राजस्थान में रेड अलर्ट जारी

Today's weather 07 September 2025

Today's weather 07 September 2025

Today’s weather 07 September 2025: देश के कई हिस्सों में मानसून का कहर लगातार जारी है। उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। राजधानी दिल्ली से लेकर पहाड़ी राज्य उत्तराखंड और राजस्थान के कई हिस्सों तक मौसम ने अपना रौद्र रूप दिखाया है। मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं देशभर में मौसम का ताज़ा हाल।

दिल्ली-एनसीआर में आज बादल छाए, हल्की बारिश की संभावना
राजधानी दिल्ली में शनिवार को हुई हल्की बारिश के बाद आज मौसम कुछ हद तक राहत भरा रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। तापमान सामान्य रहेगा। अधिकतम 34°C और न्यूनतम 24°C के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं बात यमुना की करें तो यमुना अभी भी उफान पर चल रही है।

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में आज तेज़ बारिश संभव
उत्तर प्रदेश में बारिश की रफ्तार थोड़ी थमी है, लेकिन NCR से सटे जिलों जैसे नोएडा, गाजियाबाद, बागपत में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 8 और 9 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में फिर से गरज-चमक के साथ बारिश लौट सकती है। 10 से 11 सितंबर के बीच पूर्वी यूपी में व्यापक बारिश का अलर्ट है।

बिहार में बिजली गिरने का खतरा, 9 सितंबर से फिर अलर्ट
बिहार में फिलहाल बारिश से थोड़ी राहत है, लेकिन 9 सितंबर को पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। 10 सितंबर से दक्षिण बिहार में तेज बारिश और 11 से 13 सितंबर तक कई जिलों में भारी बारिश की आशंका है।

उत्तराखंड: लगातार बारिश से बिगड़ रहे हालात
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बंद होने जैसी समस्याएं खड़ी कर दी हैं। आज देहरादून, नैनीताल, चंपावत में भारी बारिश की चेतावनी जारी है। पिथौरागढ़, चमोली, अल्मोड़ा जैसे जिलों में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

राजस्थान: तीन जिलों में रेड अलर्ट, बाढ़ का खतरा
राजस्थान के बाड़मेर, जालोर और सिरोही जिलों में आज के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे जलभराव और फसल नुकसान की खबरें सामने आई हैं। जोधपुर, जैसलमेर और उदयपुर में भी आज मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

मध्य प्रदेश में बारिश से राहत, जलस्तर में गिरावट
लगातार बारिश से परेशान मध्य प्रदेश को फिलहाल राहत मिलती दिख रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 सितंबर को राज्य में कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है। नदियों के जलस्तर में भी धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे बाढ़ प्रभावित इलाकों में सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद है।

Exit mobile version