Today’s Weather 1 Dec 2025: श्रीलंका में बड़े पैमाने पर तबाही मचाने वाला चक्रवाती तूफान दितवाह अब तेजी से भारत के दक्षिणी तट की ओर अग्रसर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इसके संभावित प्रभाव को देखते हुए तमिलनाडु और पुडुचेरी में येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में इन क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाओं के चलने की आशंका है।
भारत के तटीय राज्यों में बढ़ी चिंता
तूफान का असर केवल तमिलनाडु और पुडुचेरी तक सीमित नहीं रहेगा। IMD के अनुसार, इसकी तीव्रता बढ़ने पर कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटवर्ती जिलों में भी मौसम बिगड़ सकता है। श्रीलंका में अब तक 190 से अधिक मौतों की पुष्टि के बाद भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ शुरू किया है। भारतीय नौसेना की टीमें राहत सामग्री और आवश्यक सहायता के साथ श्रीलंका में तैनात कर दी गई हैं।
दिल्ली में बढ़ी सर्दी, पारा सिंगल डिजिट में
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड लगातार बढ़ रही है। 1 दिसंबर की सुबह शीतलहर जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में पहुंच गया है, जबकि दिन में 20–25 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
नवंबर ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड
इस बार दिल्ली-एनसीआर ने पिछले पांच वर्षों में सबसे ठंडा नवंबर देखा। कई रातों में तापमान 9°C तक पहुंच गया जबकि दिन में हल्की धूप के बावजूद रातें सर्द रहीं। दिसंबर की शुरुआत भी ठंड से भरपूर रहने वाली है। 1 दिसंबर की रात 8°C तक पारा गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 23°C रहने की उम्मीद है। गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी इसी तरह ठंड का असर तेज़ी से बढ़ रहा है। हालांकि, IMD ने कहा है कि 5 दिसंबर तक शीतलहर की मजबूत संभावना नहीं है।
उत्तर प्रदेश में शीतलहर अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी तापमान तेजी से गिरने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सोमवार से उत्तरी पछुआ हवाएं तेज होंगी, जिससे सर्दी और तीखी महसूस होगी। राज्य के कई प्रमुख शहर कानपुर, इटावा, बरेली, लखनऊ, बाराबंकी और मुजफ्फरनगर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 7°C से नीचे जा सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 20°C या उससे कम रहने की संभावना है।
हिमाचल-उत्तराखंड में ठंड और तेज, बर्फीली हवा का प्रकोप
हिमाचल प्रदेश में अगले तीन–चार दिनों में तापमान में 2–5°C तक की गिरावट की संभावना है। 1 दिसंबर की सुबह बिलासपुर और मंडी में घना कोहरा छा सकता है। उत्तराखंड में भी शीतलहर का असर बढ़ने वाला है। नैनीताल, मसूरी, रुद्रप्रयाग और चमोली में सुबह की ठंडी हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। पहाड़ी जिलों में बर्फीली हवाओं के कारण तापमान और नीचे जा सकता है।
बिहार में भी बढ़ेगी ठिठुरन
दिसंबर के पहले ही सप्ताह से बिहार में सर्दी अपना असर दिखाने लगेगी। अभी जहां न्यूनतम तापमान 13°C के आसपास है, वहीं आने वाले दिनों में यह 11–12°C तक गिर सकता है। सीमांचल और मिथिलांचल के कई जिलों में शीतलहर तेज होने की आशंका है। राजधानी पटना में 1 दिसंबर से तापमान गिरकर 10°C के करीब पहुंच सकता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...