Today’s Weather 13 Jan 2026: उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी, बिहार और पहाड़ी राज्यों तक सर्द हवाओं और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को पहाड़ों जैसी ठिठुरन महसूस हो रही है।
दिल्ली में पहाड़ों जैसा मौसम
राजधानी दिल्ली में सर्दी अपने चरम पर पहुंच गई है। न्यूनतम तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया, जो इस मौसम में बेहद असामान्य माना जा रहा है। सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो जा रही है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में शीतलहर का असर बना रहेगा। इसी को देखते हुए 14 जनवरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें- आज लोहड़ी के दिन कैसा रहेगा आपका दिन? जानें 12 राशियों का राशिफल
उत्तर प्रदेश में फिर बढ़ेगी ठंड
उत्तर प्रदेश में कुछ दिन की राहत के बाद ठंड दोबारा जोर पकड़ रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के कई जिलों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी है। राजधानी लखनऊ में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में धूप निकल सकती है। पश्चिमी यूपी के आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और रुहेलखंड क्षेत्र में रात के समय शीतलहर चलने के साथ पाले की आशंका जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले चार दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
बिहार में शीतलहर का असर
बिहार में भी ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राज्य के पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, दरभंगा, मधुबनी समेत कई जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण सुबह और रात के समय घर से निकलना चुनौतीपूर्ण हो गया है।
ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 13 जनवरी 2026
हिमाचल और उत्तराखंड में और गिरेगा पारा
हिमाचल प्रदेश में 16 जनवरी से बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। चंबा सहित सात जिलों में घने कोहरे और शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है, जहां तापमान शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
वहीं उत्तराखंड में भी अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट आने का अनुमान है। नैनीताल, मसूरी, हरिद्वार, ऋषिकेश और उत्तरकाशी जैसे इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है। 15 जनवरी के बाद कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना भी है, जिससे ठिठुरन और बढ़ेगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...