Site icon Dainik Savera Times

Today’s Weather: पंजाब-हरियाणा में सताएगी सर्दी, हिमाचल में पारा माइनस में, कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट

Today's Weather 14 Dec 2025

Today's Weather 14 Dec 2025

Today’s Weather 14 Dec 2025: उत्तर भारत में सर्दी ने अपना असर तेज कर दिया है। रविवार सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। हालात ऐसे रहे कि सड़कों पर वाहन बेहद धीमी रफ्तार से चलते नजर आए। हाल ही में ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियातन स्पीड लिमिट भी घटा दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली समेत उत्तर भारत में आने वाले कुछ दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। पंजाब और हरियाणा में ठंड और ठिठुरन का दौर लगातार जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

ये भी पढ़ें- एक सप्ताह में 17,000 रुपए महंगी हुई चांदी, सोने की भी बढ़ी कीमतें, जानें कारण

चार राज्यों में शीतलहर की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक और तेलंगाना में शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक 14 और 15 दिसंबर को तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में कोल्ड वेव की स्थिति बन सकती है। वहीं 14 दिसंबर को छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी ठंडी हवाओं का प्रकोप रहने की संभावना है। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में तो अत्यधिक शीतलहर का भी अनुमान जताया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने, घरों को पर्याप्त रूप से गर्म रखने और गर्म पानी पीने की सलाह दी है। साथ ही किसानों को फसलों और पशुपालकों को जानवरों को पाले से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।

पंजाब-हरियाणा में कंपकंपाती ठंड
पंजाब और हरियाणा में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से कम है। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, पठानकोट और बठिंडा समेत कई शहरों में तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में तापमान 5 डिग्री के आसपास पहुंच गया है, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है।

हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
उधर, पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार चंबा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊंचे क्षेत्रों में सप्ताहांत के दौरान हल्की बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा 17 से 19 दिसंबर के बीच भी कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बर्फबारी के संकेत हैं। राज्य के अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।

 

Exit mobile version