Today’s Weather 14 Jan 2026: देशभर में आज मकर संक्रांति का पर्व मनाया जा रहा है, लेकिन त्योहार की खुशियों के बीच ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तर भारत से लेकर पूर्वी राज्यों तक घना कोहरा और शीतलहर का असर साफ तौर पर देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में कड़ाके की ठंड और कम विजिबिलिटी को लेकर चेतावनी जारी की है।
राजस्थान में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 10 से ज्यादा इलाकों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद पारा 2 से 3 डिग्री तक चढ़ सकता है।
ये भी पढ़ें- मकर सक्रांति का दिन कन्या, मीन और कुंभ राशि वालों के लिए शुभ! जानें अन्य राशियों का हाल
दिल्ली-NCR में पहाड़ों जैसी ठंड
राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में ठंड अपने चरम पर है। न्यूनतम तापमान के 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। सुबह और देर रात सर्दी का असर ज्यादा रहेगा, जबकि दोपहर बाद हल्की धूप निकलने से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि शाम होते ही एक बार फिर ठंडी हवाएं लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर देंगी।
यूपी और बिहार में कोहरे का कहर
उत्तर प्रदेश में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो सकती है। देर सुबह कोहरा छंटने के बाद धूप निकल सकती है, लेकिन शाम को ठंड फिर से अपना असर दिखाएगी।
वहीं बिहार के कई जिलों में घने कुहासे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी और पश्चिमी चंपारण से लेकर पूर्णिया और कटिहार तक कोहरे की वजह से जनजीवन प्रभावित रहने की आशंका है।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश में 16 जनवरी से बर्फबारी की संभावना जताई गई है। चंबा समेत सात जिलों में घना कोहरा और शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी इलाका सबसे ठंडा दर्ज किया गया, जहां तापमान शून्य से करीब 9.6 डिग्री नीचे चला गया।
ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 14 जनवरी 2026
जम्मू-कश्मीर में फिर बढ़ी ठंड
कुछ दिनों की राहत के बाद कश्मीर घाटी में ठंड ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर में मौसम शुष्क बना रहेगा और फिलहाल बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है।
पश्चिम बंगाल में हल्की राहत
पश्चिम बंगाल में न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे सर्दी से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि गंगा से सटे इलाकों में अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री कम रह सकता है।

