Today’s Weather 16 Dec 2025: दिसंबर का आधा महीना गुजरने के साथ ही देश के मौसम में उतार-चढ़ाव तेज हो गया है। उत्तर भारत में ठंड और कोहरे की मार जारी है, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है। वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग ने 16 दिसंबर को लेकर कई राज्यों में सतर्कता बरतने की चेतावनी जारी की है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, पुडुचेरी और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तमिलनाडु के आसपास निचले क्षोभमंडल स्तर पर एक ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण बन रहा है, जिसका असर दक्षिण भारत के मौसम पर पड़ने की संभावना है। इसके चलते कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने और बारिश होने की आशंका है।
ये भी पढ़ें- 1.33 लाख के पार हुई ‘सोने’ की कीमत, चांदी हुई सस्ती
उत्तर भारत में कोहरे का कहर
उत्तर भारत के बड़े हिस्से घने कोहरे की चपेट में हैं। बिहार में पटना, भागलपुर और दरभंगा जैसे शहरों में दृश्यता बेहद कम रहने की चेतावनी दी गई है। उत्तर प्रदेश में कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, आगरा और वाराणसी समेत कई शहरों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। इसके अलावा शिमला, देहरादून, नैनीताल और चमोली में भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-एनसीआर का हाल
राजधानी दिल्ली में 16 दिसंबर को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। सुबह के समय 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। प्रदूषण के साथ कोहरे ने दिल्ली-एनसीआर में लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने 16 और 17 दिसंबर को भी हल्के कोहरे (शैलो फॉग) की संभावना जताई है।
Watch Video- अवैध निर्माण अब कबूल नहीं ,भारी पुलिस बल के साए में की गई जबरदस्त तोड़फोड़
उत्तर प्रदेश में सावधानी जरूरी
पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों मेरठ, सहारनपुर, गौतम बुद्ध नगर, शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, बरेली और पीलीभीत में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। प्रशासन ने लोगों को वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
बिहार में भी अलर्ट
बिहार के गया, बेगूसराय, दरभंगा, पूर्णिया, किशनगंज, सहरसा, औरंगाबाद और राजगीर सहित कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। ग्रामीण इलाकों में दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों हरिद्वार, देहरादून, ऋषिकेश, काशीपुर और कोटद्वार में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। ठंड और कोहरे के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश और कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के संकेत मिल रहे हैं।

