Today’s Weather 16 September 2025 : मानसून के धीरे-धीरे लौटने के बावजूद देश के कई हिस्सों में बारिश का कहर अभी थमा नहीं है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत, महाराष्ट्र, बिहार और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने बिजली गिरने, तेज हवाएं, और गरज-चमक के साथ बाढ़ जैसे हालात को लेकर अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में उमस और गर्मी बरकरार
दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, 18 सितंबर तक आसमान साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
यूपी: पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश, बिजली गिरने का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में 16 और 17 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। खासकर गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, देवरिया जैसे इलाकों में तेज बौछारों के साथ बिजली गिरने का खतरा बताया गया है। पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है।
बिहार: लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित
बिहार में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। पटना, भागलपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में 19 सितंबर तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। बिजली गिरने और जलभराव की स्थिति बनने लगी है। अधिकारियों ने स्कूलों को अलर्ट पर रहने को कहा है।
उत्तराखंड: बादल फटने की घटना के बाद येलो अलर्ट
उत्तराखंड के कई जिलों में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में बादल फटने से सोमवार रात भारी नुकसान हुआ। कई दुकानें और गाड़ियां बह गईं, जबकि दो लोग लापता बताए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, चमोली, नैनीताल और चंपावत जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
#WATCH देहरादून में कल रात से हो रही भारी बारिश के कारण तमसा नदी उफान पर है, जिसके कारण टपकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में काफी नुकसान पहुंचा है। pic.twitter.com/Xq9PvyqMZf
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 16, 2025
पूर्वोत्तर भारत: लगातार मूसलाधार बारिश
असम, मेघालय, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड जैसे राज्यों में अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। ब्रह्मपुत्र घाटी में जलस्तर बढ़ने की आशंका है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
महाराष्ट्र: कोकण और विदर्भ में हाई अलर्ट
महाराष्ट्र के कोकण और विदर्भ क्षेत्रों में आज 16 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी है। नागपुर, चंद्रपुर, रायगढ़ और रत्नागिरी जैसे जिलों में जलभराव और सड़क बंद होने की खबरें हैं। सरकार ने NDRF टीमों को तैनात कर दिया है।
#WATCH वाशिम, महाराष्ट्र: वाशिम शहर के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। pic.twitter.com/tAVphaooJX
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 15, 2025
दक्षिण भारत: हवाओं के साथ बारिश, बिजली गिरने की आशंका
तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ स्थानीय बाढ़ की स्थिति बन सकती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...