Today’s Weather 19 Dec 2025: उत्तर भारत के बड़े हिस्से इस समय भीषण ठंड, शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में हैं। दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और बिहार तक सुबह के वक्त दृश्यता बेहद कम हो रही है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी असर पड़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 से 25 दिसंबर के बीच कई राज्यों में घने से बहुत घने कोहरे और शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है।
दिल्ली-एनसीआर: कोहरा और स्मॉग की दोहरी मार
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 18 से 21 दिसंबर तक मध्यम से घने कोहरे के बने रहने की संभावना है। सुबह के समय दृश्यता घटकर 100 मीटर तक पहुंच सकती है। हालांकि तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत हैं, लेकिन कोहरा और स्मॉग से राहत मिलने के आसार कम हैं। हाल के दिनों में कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।
ये भी पढ़ें- IndiGo ने जारी की ट्रेवल एडवाइजरी, इन स्थानों पर प्रभावित रहेंगी उड़ानें
उत्तर प्रदेश: ठंड का प्रकोप जारी
उत्तर प्रदेश में ठंड का असर और तेज होता जा रहा है। 19 से 21 दिसंबर के बीच राज्य के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में घना से अत्यंत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में 19 और 20 दिसंबर को गंभीर शीत दिवस की स्थिति बन सकती है। खासतौर पर पूर्वी यूपी के लिए शीत दिवस का अलर्ट जारी किया गया है, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है।
पंजाब: कोहरा और हल्की बारिश के आसार
पंजाब में 19 और 20 दिसंबर को कई क्षेत्रों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। इसके अलावा 21, 24 और 25 दिसंबर की सुबह भी कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 20 से 22 दिसंबर के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
हरियाणा-चंडीगढ़: यातायात पर असर की आशंका
हरियाणा और चंडीगढ़ में 19 से 21 दिसंबर तक सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है। 22, 24 और 25 दिसंबर को भी कोहरे का दौर जारी रह सकता है। कम दृश्यता के कारण हाईवे और शहरों में यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
Watch Video- पहाड़ों में बर्फबारी का असर उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, गुड़गांव में घना कोहरा
उत्तराखंड: मैदानी इलाकों में कोहरा, पहाड़ों में पाला
उत्तराखंड में 19 से 21 दिसंबर के दौरान सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। 20 और 21 दिसंबर को कुछ इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मैदानी इलाकों में कोहरा और पहाड़ों में पाला किसानों और स्थानीय लोगों की परेशानियां बढ़ा रहा है। कुछ क्षेत्रों में गंभीर शीत दिवस की स्थिति भी बन सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट
IMD के मुताबिक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 20 और 21 दिसंबर को हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 20 से 22 दिसंबर के बीच बर्फ गिरने की संभावना है। इसका असर मैदानी राज्यों के मौसम पर भी पड़ सकता है, जिससे ठंड और तेज होने के संकेत हैं।

