Today’s Weather: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर पहाड़ी राज्यों तक मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कई इलाकों में बारिश, घना कोहरा और पहाड़ों पर बर्फबारी देखने को मिल सकती है, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर: बादलों और कोहरे की चादर
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। सुबह और देर रात को कोहरा भी परेशान कर सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हल्की बारिश की संभावना से ठंड का असर और तेज हो सकता है।
ये भी पढ़ें- आज का दिन इन राशियों के लिए रहेगा अच्छा, तो इनको करना पड़ सकता है तनाव का सामना
उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी सर्दी की मार
उत्तर प्रदेश में मौसम अगले दो दिनों में बड़ा बदलाव दिखा सकता है। 22 से 25 जनवरी के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, आगरा, मथुरा, बरेली, अलीगढ़, गाजियाबाद और मेरठ जैसे शहरों में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है।
बिहार में तापमान में गिरावट
बिहार के कई जिलों में ठंड और बढ़ने वाली है। पटना, गया, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को सुबह-शाम अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 20 जनवरी 2026
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में मौसम और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। उत्तराखंड के नैनीताल, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में 22 से 25 जनवरी के बीच मौसम के ज्यादा खराब रहने की संभावना है, कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है।

