Today’s Weather 21 Nov 2025 : नवंबर अपने अंतिम पड़ाव पर है, लेकिन सर्दी का असली दौर अब शुरू होने वाला है। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार तक दिन में धूप की वजह से थोड़ी राहत जरूर मिल रही है, लेकिन सुबह और देर शाम की ठिठुरन लोगों को आगाह कर रही है कि आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज और बदलने वाला है।
दिल्ली-एनसीआर: गिरता पारा और दमघोंटू हवा
दिल्ली-एनसीआर में तापमान लगातार नीचे आ रहा है। इसके साथ ही वायु गुणवत्ता चिंताजनक स्तर पर पहुंच चुकी है। कई इलाकों में AQI 450 से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे लोगों को सांस लेना मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज सुबह से हवाओं की रफ्तार 15–20 किमी प्रति घंटा रहने की उम्मीद है, जिससे कुछ इलाकों में धुंध कम हो सकती है, लेकिन तापमान में गिरावट तय है। राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक जा सकता है, जो दिसंबर से पहले ठंड का सख्त अहसास कराएगा। हरियाणा और पंजाब में भी ‘गलन वाली ठंड’ का अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी-बिहार में शीतलहर के आसार, कोहरा बढ़ेगा
उत्तर प्रदेश में नवंबर के अंतिम सप्ताह से मौसम तेजी से करवट लेने वाला है। कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे जाता दिख रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जल्द ही प्रदेश के बड़े हिस्से पर शीतलहर का असर दिखेगा और कई शहर घने कोहरे की चपेट में आ सकते हैं। बिहार में भी तापमान लगातार सिंगल डिजिट में दर्ज किया जा रहा है। पटना, गया, दरभंगा, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण सहित कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा दिखने लगा है। अगले दो दिनों में राज्य के लगभग 15 से अधिक जिलों में दृश्यता बेहद कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
पहाड़ों में बढ़ेगी बर्फबारी, मैदानी इलाकों पर पड़ेगा असर
उत्तराखंड इस समय सूखी ठंड की चपेट में है। तापमान गिरने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक यहां ऐसा ही मौसम रहने वाला है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर पहले ही शुरू हो चुका है, और इसका असर निचले इलाकों तक महसूस किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश में फिलहाल आसमान साफ दिखाई दे रहा है, लेकिन अगले सप्ताह बर्फबारी की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी और घाटी वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ सकती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...