Today’s Weather 22 Nov 2025 : देश के बड़े हिस्से में सर्दी ने दस्तक तेज कर दी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड में तापमान धीरे-धीरे नीचे खिसक रहा है, वहीं दक्षिण भारत में बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम में तेजी से हो रहे इन बदलावों का असर लोगों की दिनचर्या पर साफ दिखाई दे रहा है।
दिल्ली–NCR: गिरते तापमान संग प्रदूषण की दोहरी मार
दिल्ली–NCR में मौसम इन दिनों और ठंडा होता जा रहा है। सुबह-शाम की ठिठुरन के बीच हवा की खराब क्वॉलिटी लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है। न्यूनतम तापमान 22 नवंबर को 10–12 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है, जबकि 23 नवंबर को यह और 1–2 डिग्री गिर सकता है। स्मॉग की परत के कारण आंखों में जलन, खांसी और सांस की समस्या बढ़ रही है। हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है, जिससे स्वास्थ्य जोखिम और बढ़ गया है।
उत्तर प्रदेश: सर्दी में धीरे-धीरे इजाफा
यूपी में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 22 नवंबर को पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन हल्के कोहरे की संभावना बनी रहेगी। 23 से 25 नवंबर तक आसमान साफ रहने के बावजूद सुबह के समय घना कोहरा परेशान कर सकता है। 26 और 27 नवंबर को भी मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन रात और सुबह की ठंड बढ़ने के संकेत हैं।
मध्य प्रदेश: शीतलहर की दस्तक
मध्य प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में 22 और 23 नवंबर को शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज हो सकता है और सुबह-शाम चलने वाली ठंडी हवाएं सर्दी का असर बढ़ा देंगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह ठंड का शुरुआती दौर है, आने वाले दिनों में ठिठुरन और तेज होगी।
झारखंड: तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
झारखंड में अगले 24 घंटों के दौरान रात का तापमान लगभग दो डिग्री बढ़ सकता है। 23 नवंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जब कोहरा, धुंध और बादल छाने लगेंगे। 26–27 नवंबर के आसपास राज्य के कई इलाकों में पारा और नीचे आने की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ सकती है।
दक्षिण भारत: तमिलनाडु और केरल में सक्रिय बारिश
दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज पूरी तरह अलग है। तमिलनाडु में 22 से 24 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। वहीं केरल और माहे में 22 और 23 नवंबर को तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बारिश और बादलों के कारण दक्षिण के कई इलाकों में दिनभर उमस और नमी बनी रह सकती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...