Site icon Dainik Savera Times

उत्तर भारत में ठंड की आहट, दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अन्य राज्यों में मौसम का हाल

Today's Weather 22 Oct 2025

Today's Weather 22 Oct 2025

Today’s Weather 22 Oct 2025 : उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम का मिज़ाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर जहां उत्तर भारत के कई शहरों में ठंड और धुंध की दस्तक हो चुकी है, वहीं दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज कई राज्यों के लिए मौसम से जुड़ी नई चेतावनियां जारी की हैं।

दक्षिण भारत में मूसलधार बारिश की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में आज भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के चलते अगले 48 घंटों तक दक्षिणी राज्यों में तेज़ हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। विशेषकर चेन्नई, कोयंबटूर, बेंगलुरु और विशाखापट्टनम जैसे शहरों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

दिल्ली-एनसीआर में जहरीली धुंध, तापमान स्थिर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिवाली के बाद से प्रदूषण की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। आज सुबह धुंध और स्मॉग की मोटी चादर ने दिल्ली-एनसीआर को घेर लिया। ITO, अक्षरधाम, पंजाबी बाग और आनंद विहार जैसे इलाकों में AQI 350 से ऊपर दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दो दिनों तक आसमान में बादल रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना कम है।

ये भी पढ़ें-   राजधानी बनी गैस चैंबर, AQI 437 तक पहुंचा, सांस लेना हुआ मुश्किल!

उत्तर प्रदेश में भी प्रदूषण और गर्मी का दोहरा संकट
दिवाली के बाद यूपी के कई शहरों में भी वायु गुणवत्ता बिगड़ चुकी है। नोएडा, मेरठ और गाजियाबाद जैसे जिलों में AQI 300 के पार पहुंच गया है। हालांकि आज सुबह हल्की धुंध के बाद दिन में तेज़ धूप निकलने की संभावना है, जिससे दिन का तापमान बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर जैसे शहरों में आज तेज धूप रहने की संभावना है।

बिहार में छठ से पहले बदलेगा मौसम, बारिश की आशंका
बिहार के लोगों को इस बार छठ पर्व में बारिश का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने 25 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक राज्य में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इससे तापमान में गिरावट होगी और ठंड का असर महसूस होने लगेगा। पटना, भागलपुर, दरभंगा और गया में हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन ने छठ घाटों की सफाई और सुरक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं, ताकि बारिश की स्थिति में कोई बाधा न आए।

हिमालयी राज्यों में बर्फबारी की संभावना
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में आज से बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में आज हल्की बारिश की संभावना है। 2,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं 23 से 26 अक्टूबर तक उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे ठंड में और इजाफा हो सकता है।

Exit mobile version