Site icon Dainik Savera Times

दिल्ली से पहाड़ों तक मौसम ने बदली चाल, एक बार फिर जारी हुआ बारिश का अलर्ट

Today's Weather 24 Jan 2026

Today's Weather 24 Jan 2026

Today’s Weather 24 Jan 2026: देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए ठंड का अहसास एक बार फिर बढ़ा दिया है। दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के बड़े इलाके पश्चिमी विक्षोभ के असर में रहे, जिससे बारिश, ओलावृष्टि और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिली। कुछ दिन पहले जहां सर्दी धीरे-धीरे विदा लेती नजर आ रही थी, वहीं अब तापमान में आई गिरावट ने लोगों को फिर से गर्म कपड़ों का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया है।

आज से मौसम में सुधार की उम्मीद
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 24 जनवरी 2026 से मौसम में धीरे-धीरे सुधार के संकेत हैं। शुक्रवार को बने निम्न दबाव क्षेत्र के चलते पश्चिमी हिमालयी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की गई। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं।

ये भी पढ़ें- आज शनिवार का दिन आपके लिए कैसा रहेगा? जानें 12 राशियों का राशिफल

तापमान में 3–5 डिग्री तक गिरावट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 26 से 28 जनवरी के बीच एक और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते 27 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। दिल्ली समेत मैदानी इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

पहाड़ों पर जनजीवन प्रभावित, पर्यटकों में उत्साह
हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात के चलते दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित करीब 565 सड़कें बंद करनी पड़ी हैं। राज्य में लगभग 4,800 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर में ताजा बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग अस्थायी रूप से बंद रहा, माता वैष्णो देवी की यात्रा कुछ समय के लिए रोकी गई और 20 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। मौसम विभाग ने 24 और 25 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना जताई है।

ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 24 जनवरी 2026

हालांकि, इस बदले मौसम से किसानों और सर्दियों में पहाड़ों का रुख करने वाले पर्यटकों के चेहरे पर खुशी भी देखने को मिल रही है।

प्रदूषण से राहत की उम्मीद
तेज बारिश और सर्द हवाओं का एक सकारात्मक असर दिल्ली-एनसीआर की हवा पर भी पड़ने की संभावना है। विशेषज्ञों के मुताबिक बारिश और हवाएं वातावरण में मौजूद धूल व प्रदूषक कणों को कम करेंगी, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार होगा। हालांकि, सुबह और रात के समय ठंड और बढ़ सकती है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version