Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

छठ महापर्व में खलल डाल सकती है बारिश, पहाड़ों में बर्फबारी तो तटीय इलाकों में चक्रवात का खतरा

October 26, 2025

छठ महापर्व में खलल डाल सकती है बारिश, पहाड़ों में बर्फबारी तो तटीय इलाकों में चक्रवात का खतरा

Today’s Weather : त्योहारों के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। उत्तर भारत में जहां ठंडी हवाएं और हल्की बारिश दस्तक देने को तैयार हैं, वहीं दक्षिण भारत में बंगाल की खाड़ी से उठ रहा चक्रवात चिंता बढ़ा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जिसका असर छठ महापर्व के उत्सव पर भी पड़ सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम का मिज़ाज

आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.के. जेनामणि के अनुसार, 27 अक्टूबर की शाम से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे दिल्ली-एनसीआर में बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। 28 और 29 अक्टूबर तक यह असर रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 1–2 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। यानी छठ पूजा तक हल्की ठंड बढ़ जाएगी।

ये भी पढ़ें- इन 2 राशियों को हो सकता है धन लाभ! जानें अन्य राशियों का हाल

यूपी-बिहार में छठ पर बारिश की आशंका

उत्तर प्रदेश में 27 से 30 अक्टूबर तक बारिश का दौर रहने का अनुमान है। पश्चिमी व पूर्वी दोनों हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। बिहार में भी 29 से 31 अक्टूबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस दौरान सुबह के समय कोहरा और धुंध बढ़ेंगे, जिससे सूर्योपासना के लिए घाटों पर पहुंचने वालों को कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। तापमान 17–19 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

पहाड़ों पर बर्फबारी की दस्तक

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 27 अक्टूबर से बर्फबारी और बारिश के आसार हैं। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी शुरू हो सकती है, जबकि हिमाचल के कुल्लू, मनाली और लाहौल-स्पीति में भी तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे मैदानों में ठंडी हवाओं का असर और तेज होगा।

झारखंड में येलो अलर्ट

झारखंड में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती दबाव के असर से राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों जैसे सिमडेगा, सिंहभूम, देवघर और दुमका में तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

दक्षिण भारत में चक्रवाती तूफान का खतरा

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव 28 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह तूफान आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकरा सकता है, जहां हवा की रफ्तार 90 से 110 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

केरल और ओडिशा में हाई अलर्ट

केरल के इडुक्की, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों में लगातार बारिश के चलते बांधों का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा है। वहीं, ओडिशा में 27 से 29 अक्टूबर तक तेज हवाओं और भारी बारिश का पूर्वानुमान है। तटीय इलाकों में राहत और बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें