Today’s Weather 28 Nov 2025 : देश में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। बंगाल की खाड़ी से उठ रहा चक्रवात ‘सेन्यार’ तेजी से सक्रिय हो रहा है और अगले 48 घंटों में कई राज्यों के मौसम को प्रभावित करने की आशंका है। तेज हवाओं, भारी बारिश और समुद्र में उथल-पुथल के मद्देनजर मौसम विभाग ने एहतियाती चेतावनियां जारी कर दी हैं।
दिल्ली: ठंड बढ़ी, कोहरा छाया
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। हवा में नमी का स्तर 100% के करीब पहुंचने के कारण मध्यम कोहरा शुक्रवार से रविवार तक बना रह सकता है। राजधानी में अधिकतम तापमान लगभग 25°C और न्यूनतम तापमान 9°C तक रहने की संभावना है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 327 तक पहुंचने के साथ प्रदूषण का स्तर बेहद खराब श्रेणी में है, जो स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
ये भी पढ़ें- कैसा रहेगा वृषभ, सिंह, कन्या और धनु राशि वालों का दिन, मिलेगी कामयाबी या देखना पड़ेगा असफलता का मुंह! जानें…
उत्तर प्रदेश: पारे में गिरावट, कई शहरों में घना कोहरा
उत्तर प्रदेश में ठंड दस्तक दे चुकी है और कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे चला गया है। कानपुर में सबसे अधिक पारा गिरने की जानकारी मिल रही है। लखनऊ, आगरा, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ और प्रयागराज में सुबह के समय घना कोहरा दृश्यता को प्रभावित करेगा।
बिहार: सीमांचल में शीतलहर की आशंका
बिहार के कई भागों में अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। सीमांचल व मिथिलांचल क्षेत्र में ठिठुरन बढ़ने का अनुमान है, जहां न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे जा सकता है। पटना, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल और बेगूसराय में कोहरा छाए रहने से सुबह का मौसम बेहद ठंडा रहेगा।
राजस्थान: कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में हल्की सक्रियता देखी जा सकती है। 28 नवंबर को अजमेर, जयपुर संभाग और आसपास के हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं। बाकी राज्य में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि हवाओं के रुख बदलने से तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है।
लखनऊ और आसपास: तापमान में हल्की बढ़त
राजधानी लखनऊ में पछुआ हवाओं की रफ्तार कम होने और बादलों की मौजूदगी से मौसम में बदलाव आएगा। अगले तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान लगभग 2°C तक बढ़ सकते हैं।
दक्षिण भारत: चक्रवात ‘सेन्यार’ का बड़ा खतरा
तमिलनाडु और आसपास के हिस्सों को लेकर मौसम विभाग ने गंभीर चेतावनी दी है। 28–30 नवंबर तक राज्य के कई जिलों में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना। 28 नवंबर को डेल्टा क्षेत्र, 29 नवंबर को चेन्नई सहित सात जिलों, और 30 नवंबर को तिरुवल्लूर पक्ष में 12–20 सेमी तक बारिश दर्ज हो सकती है।साथ ही अंडमान-निकोबार, आंध्र प्रदेश, केरल, माहे और रायलसीमा में भी भारी से अति भारी वर्षा के संकेत दिए गए हैं।
चक्रवात ‘सेन्यार’: कहाँ पहुंचा तूफान?
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात का केंद्र इस समय मलक्का जलडमरूमध्य और पूर्वोत्तर इंडोनेशिया के पास स्थित है और यह तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। सुबह 5:30 बजे यह प्रणाली 5.0°N, 98.0°E पर दर्ज की गई। कुटा मकमुर से 100 किमी, जॉर्ज टाउन से 260 किमी, नानकॉरी से 600 किमी, और कार निकोबार से लगभग 740 किमी की दूरी पर है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र अगले 24 घंटों में अवदाब में बदल सकता है, जिससे तमिलनाडु में वर्षा की तीव्रता और बढ़ेगी।

