Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश में मौसम ने बदली करवट, कहीं झमाझम बारिश तो कहीं भीषण गर्मी, जानिए आपके राज्य का हाल

September 30, 2025

देश में मौसम ने बदली करवट, कहीं झमाझम बारिश तो कहीं भीषण गर्मी, जानिए आपके राज्य का हाल

Today’s Weather 30 Sept 2025 : देशभर में इस समय मौसम ने अजीबो-गरीब रूप धारण कर लिया है। एक ओर जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे विदाई की ओर है, वहीं दूसरी ओर कई राज्यों में बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। महाराष्ट्र, गोवा, ओडिशा, तटीय कर्नाटक और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में तेज बारिश हो रही है, तो वहीं दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान जैसे इलाकों में गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने तोड़ी हदें
देश की राजधानी दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस ने लोगों का जीना दुश्वार कर रखा है। दिन तो दिन, रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि 1 और 2 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।

उत्तर भारत में भीषण गर्मी, लेकिन बारिश की उम्मीद
उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों जैसे हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रात का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 4 अक्टूबर के बीच इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल
जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार तक आसमान साफ रहेगा। शनिवार से आसमान में बादल छाए रहेंगे। रविवार और सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश पड़ने की संभावना जताई गई है। बारिश के बाद यहां तापमान में गिरावट आएगी। वहीं हिमाचल में वीरवार को गरज चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। बारिश के बाद ही यहां उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।

उत्तर प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। विशेष रूप से पूर्वांचल के जिलों—बलिया, मऊ, गोरखपुर, आजमगढ़, देवरिया और गाजीपुर में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

बिहार में गर्मी बनी रहेगी, 4 अक्टूबर के बाद बारिश की संभावना
बिहार में अभी के लिए मौसम शांत है, लेकिन दिन में बढ़ती गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 अक्टूबर से राज्य में फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जो 4 और 5 अक्टूबर को तेज बारिश में तब्दील हो सकता है।

महाराष्ट्र में रेड अलर्ट, मुंबई और आसपास के जिलों में मूसलधार बारिश
महाराष्ट्र में मानसून की विदाई से पहले बारिश अपना रौद्र रूप दिखा रही है। मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मूसलधार बारिश हो रही है, जिससे कई जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सतारा और पुणे के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि नासिक, धुले और नंदुरबार के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। किसानों को सबसे अधिक नुकसान झेलना पड़ा है, क्योंकि खेतों में खड़ी फसलें बारिश से बर्बाद हो गई हैं।

गुजरात के तटीय इलाकों में भी भारी बारिश का अनुमान
खंभात की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव के कारण गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों में आज और कल भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में भी अलर्ट जारी किया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी 2 अक्टूबर से बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई गई है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें