Today’s Weather 6 Dec 2025: उत्तरी भारत इस समय कड़ाके की सर्दी से जूझ रहा है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊँचे इलाकों में लगातार हो रही भारी बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों पर भी साफ दिख रहा है। पहाड़ों से चलकर आ रही बर्फीली हवाओं ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में रात के तापमान को काफी नीचे धकेल दिया है। कई शहरों में पारा सामान्य से बहुत नीचे दर्ज किया जा रहा है।
दक्षिण में मौसम बिलकुल उल्ट
दक्षिण भारत में मौसम का हाल बिल्कुल उलट है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तर भारत के कई मैदानी इलाकों खासतौर पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और उत्तराखंड में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने और ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
पहाड़ी हिस्सों में भारी बर्फबारी
हिमाचल और कश्मीर के पहाड़ी हिस्सों में भारी बर्फबारी के कारण जीवन प्रभावित हो रहा है। कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे लुढ़क चुका है, जिससे स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, बर्फबारी के बीच पर्यटन गतिविधियों में तेज़ी आई है और बड़ी संख्या में पर्यटक इन हिल स्टेशनों का रुख कर रहे हैं।
ठंड से नदी-झरने जमे
कश्मीर घाटी में ठंड का प्रकोप इतना बढ़ गया है कि कई नदी-झरने जमने लगे हैं। लोग जरूरी कामों के अलावा घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और तीखी हो सकती है। लेह में तापमान अत्यधिक गिरने के चलते स्कूलों में शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया है।
ठंड का रेड अलर्ट
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी शीतलहर का असर तीव्र है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए घना कोहरा और अत्यधिक ठंड का रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हो रहा है, जिससे आम लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है।
मनाली–लेह हाईवे होगा बंद
मनाली–लेह हाईवे रविवार शाम से बंद कर दिया जाएगा। आमतौर पर यह मार्ग नवंबर में बंद कर दिया जाता है, लेकिन इस बार बर्फबारी देर से शुरू होने के कारण सड़क को कुछ समय और खुला रखा गया। अब यह मार्ग अप्रैल या मई में फिर से खोला जाएगा, हालांकि बर्फ कम होने पर अप्रैल में ही आवागमन संभव हो सकता है।
उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों में बढ़ी रौनक
सर्दियों के बावजूद उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों में रौनक बढ़ गई है। मसूरी, नैनीताल, रानीखेत और धनौल्टी में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। सिर्फ नैनीताल में ही शनिवार को आठ हजार से अधिक पर्यटक आए, जिसके चलते अधिकांश होटल पूरी तरह भर चुके हैं। इसके अलावा कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
मेष: दिन शुभ रहेगा...