Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Aaj Ka Mausam: देशभर में बढ़ने वाली है ठंड, जानें अपने राज्यों का हाल

November 13, 2025

Aaj Ka Mausam: देशभर में बढ़ने वाली है ठंड, जानें अपने राज्यों का हाल

नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए अगले कुछ दिनों का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें कुछ राज्यों में शीतलहर (Cold Wave) और कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। आइए जानते हैं विस्तार से किस राज्य में कैसा रहेगा मौसम।

मध्य भारत में बढ़ेगी ठंड
आईएमडी के अनुसार, पश्चिम मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में 15 नवंबर तक शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। इन इलाकों में ठंडी हवाएँ चल रही हैं और तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री तक नीचे है। मध्य प्रदेश के राजगढ़ में बुधवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मैदानों में सबसे कम है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना
दक्षिण भारत में इस हफ्ते बारिश का दौर जारी रहेगा। तमिलनाडु में 17 और 18 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। केरल और माहे में आज ही तेज बारिश की उम्मीद है। वहीं, आंध्र प्रदेश, यानम और रायलसीमा में भी 17-18 नवंबर को गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

दिल्ली-एनसीआर में हल्की ठंड बढ़ी
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी तापमान में हल्की गिरावट देखी जा रही है। आईएमडी का कहना है कि 13 से 15 नवंबर के बीच तापमान और घट सकता है। सुबह के समय हल्की धुंध या स्मॉग छा सकता है। हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी रहेगी और गति 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।

-अधिकतम तापमान: 25 से 27 डिग्री सेल्सियस

-न्यूनतम तापमान: 10 से 12 डिग्री सेल्सियस

उत्तर प्रदेश में रात को बढ़ी ठंड
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार गिर रहा है। लखनऊ में रात का तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस, जबकि दिन का तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। लोगों ने ठंड से बचने के लिए स्वेटर, शॉल और जैकेट निकाल लिए हैं। सुबह के समय कोहरे और ठंडी हवाओं का असर महसूस किया जा रहा है। वाराणसी में आज दिन का तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। गंगा घाटों पर सुबह कोहरा और ठंडी हवा महसूस की जाएगी।
पर्यटक और स्थानीय लोग सुबह-सुबह गर्म कपड़ों में नजर आएंगे।

राजस्थान में शीतलहर चलने की संभावना
राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। बुधवार सुबह राज्य में न्यूनतम तापमान 8.3 से 14.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। सीकर और झुंझुनू जिलों में 15 नवंबर तक शीतलहर चलने की संभावना है।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में कार ब्लास्ट करने वाले आतंकी की पहचान हुई, धमाके से पहले मस्जिद गया था उमर उन नबी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें