Today’s Weather : नवंबर की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर के कई हिस्सों में लोगों ने हल्की ठंड का अनुभव किया, जबकि उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में घना कोहरा छाने लगा है। इस बीच, पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है और कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में गिरने लगा तापमान, हवा में प्रदूषण घुला
राजधानी दिल्ली में दिन की शुरुआत धुंध और प्रदूषण के मिश्रण से हो रही है। सुबह के समय दृश्यता (विजिबिलिटी) में कमी देखी गई, जिससे दफ्तर और स्कूल जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज और कल दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश की संभावना है। इससे हवा की गुणवत्ता में मामूली सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें- सोना हुआ सस्ता या चांदी की कीमतों में आया उछाल? उतार-चढ़ाव के बीच जानें सोने-चांदी के नए रेट
यूपी-बिहार में कोहरे की चादर
उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में सर्दी की शुरुआत कोहरे के साथ हुई है। पूर्वी यूपी के वाराणसी, प्रयागराज, गाजीपुर, अयोध्या, गोरखपुर और महराजगंज में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों में अगले दो से तीन दिन तक हल्का कोहरा जारी रहेगा, जिससे सुबह और शाम के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। बिहार में भी मौसम में ठंडक घुलने लगी है, दिन में धूप रहने के बावजूद सुबह और शाम को सर्द हवाएं चल रही हैं।
पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 4 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, उत्तराखंड में भी आज हल्की बारिश हो सकती है।
ये भी पढ़ें- सेना के जवान ने मांगी चादर, ट्रेन अटेंडेंट ने कर दी हत्या, जानें क्या है पूरा मामला
पंजाब-हरियाणा-चंडीगढ़
5 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ बारिश की संभावना है।
राजस्थान में बारिश
6 नवंबर को यह सिस्टम पूर्वी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ेगा, जिससे इन हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है।

