Today’s Weather : देशभर में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात मोंथा ने अब कई राज्यों के मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक देश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा। दिल्ली से लेकर आंध्र प्रदेश तक इसका असर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। वहीं उत्तर भारत में नवंबर की शुरुआत से ठंड का प्रकोप बढ़ने के आसार हैं।
दिल्ली-NCR: हल्की ठंड के साथ रहेगा साफ मौसम
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले दो दिनों से सुबह-शाम सर्द हवाओं का असर महसूस किया जा रहा है। बुधवार सुबह हल्की धुंध छाई रही, जबकि दिन में आसमान में हल्के बादल बने रहने की संभावना है। हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 1 नवंबर के बाद दिल्ली में ठंड तेजी से बढ़ेगी और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
ये भी पढ़ें- सोने की कीमतों में भारी गिरावट, चांदी भी हुई सस्ती, जानें आज के ताजा रेट
बिहार: कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
बिहार में छठ महापर्व के बाद भी बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा। चक्रवात मोंथा के प्रभाव से पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई जिलों में आज भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों में राज्य के उत्तर-पश्चिम और उत्तरी जिलों में बारिश और ठंडी हवाओं से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट हो सकती है।
उत्तर प्रदेश: अगले तीन दिन रहेगा बारिश का दौर
मोंथा का असर उत्तर प्रदेश में भी दिखने लगा है। आज से लेकर अगले तीन दिनों तक पूर्वी यूपी के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने वाराणसी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रतापगढ़ और चित्रकूट जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आ सकती है, जिससे ठंड का अहसास और बढ़ जाएगा।
Video : आढ़ती एसोसिएशन ने धान खरीद को लेकर बटाला मंडी के बाहर धरना दिया
आंध्र प्रदेश में चक्रवात का सीधा असर
दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में मोंथा का प्रभाव सबसे अधिक देखा जा रहा है। काकीनाडा, राजमहेंद्रवरम और आसपास के क्षेत्रों में हवा की गति 100 किमी/घंटा से अधिक पहुंच सकती है, साथ ही भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। अमलापुरम, एलुरु, मछलीपट्टनम में 80 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। जबकि ओंगोल, अमरावती, कडप्पा, अनंतपुर और तिरुपति में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

