Aaj Ka Mausam : देशभर में मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आ रहा है। कई जगहों पर लोगों को तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। हल्की बारिश, ठंडी हवाएं और बादलों के कारण मौसम काफी सुहावना हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज रात से मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। इसका असर पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानों तक कई राज्यों में दिखाई देगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के अनुसार उत्तर भारत से लेकर पूर्वी भारत तक कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस होगा सक्रिय
मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च की रात से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने वाला है। इसके कारण कई राज्यों में मौसम अचानक बदल सकता है। इस सिस्टम के प्रभाव से पश्चिमी हिमालय के इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 16 से 20 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही कई जगहों पर गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इस मौसम सिस्टम का असर मैदानों में भी दिखाई दे सकता है, जहां आंधी और बारिश हो सकती है।
दिल्ली में मौसम रहेगा ठंडा और सुहावना
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने का अनुमान है। 18 मार्च की रात को दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ समय के लिए हवाओं की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
19 मार्च की सुबह भी हल्की बारिश और आंधी देखने को मिल सकती है
20 मार्च को दिल्ली में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। सुबह और दोपहर के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि झोंकों में यह 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
#WATCH हिमाचल प्रदेश: ताजा बर्फबारी के बाद मनाली बर्फ की सफेद चादर से ढका दिखाई दिया।
(वीडियो ड्रोन से ली गई है) pic.twitter.com/yx0AXUFiP5
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 17, 2026
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का मौसम
उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 मार्च के बीच राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ जगहों पर तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर ज्यादा दिखाई दे सकता है। यहां कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इससे तापमान में भी थोड़ी गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है। वहीं उत्तराखंड में मौसम और ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है। 19 और 20 मार्च को राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं के झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकते हैं। इसके अलावा कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है।
बिहार और झारखंड में भी बदलेगा मौसम
पूर्वी भारत के राज्यों बिहार और झारखंड में भी मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में 16 और 17 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 20 से 22 मार्च के बीच फिर से बारिश का एक नया दौर शुरू हो सकता है। इन दिनों राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। झारखंड में भी 16 से 20 मार्च के बीच कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत का मौसम
दक्षिण भारत में भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के कई हिस्सों में 16 से 20 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत में अगले सात दिनों तक मौसम अस्थिर रहने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना है।
तापमान में क्या बदलाव देखने को मिल रहा है
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार देश के कई हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। कई राज्यों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा है। देश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस महाराष्ट्र के वाशिम और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में दर्ज किया गया है। वहीं मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पंजाब के गुरदासपुर में रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम बदलने के पीछे क्या कारण है
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय देश में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। पंजाब के ऊपर ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा हरियाणा और राजस्थान के ऊपर भी एक चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है। दक्षिण भारत में ट्रफ लाइन बनी हुई है और अरब सागर के ऊपर भी एक मौसम सिस्टम सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वी भारत के ऊपर सबट्रॉपिकल वेस्टरली जेट स्ट्रीम भी सक्रिय है। इन्हीं कारणों से देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है और कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...