Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Weather forecast 26 jan 2026: गणतंत्र दिवस पर कहीं बारिश तो कहीं बर्फबारी, 11 राज्यों में अलर्ट जारी

January 26, 2026

Weather forecast 26 jan 2026: गणतंत्र दिवस पर कहीं बारिश तो कहीं बर्फबारी, 11 राज्यों में अलर्ट जारी

Weather forecast 26 jan 2026: देश आज 26 जनवरी को पूरे उत्साह और गर्व के साथ गणतंत्र दिवस मना रहा है। राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाली भव्य परेड में हर साल की तरह इस बार भी देश की सैन्य ताकत, अत्याधुनिक हथियारों और विविध सांस्कृतिक झांकियों की झलक देखने को मिलेगी। हालांकि, इस राष्ट्रीय उत्सव के बीच मौसम ने भी देशभर में अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है।

पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दिल्ली-एनसीआर में हुई हल्की बारिश ने जहां प्रदूषण से राहत दिलाई है, वहीं पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द हवाओं ने ठंड को और तेज कर दिया है। लोगों को सुबह-शाम कड़ाके की ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने 11 राज्यों में भारी बारिश और कई इलाकों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है।

ये भी पढ़ें- अभेद्य किले में तब्दील नई दिल्ली, 10000 पुलिसकर्मी तैनात, हाईटेक तरीके से चप्पे-चप्पे की निगरानी

पश्चिमी विक्षोभ बनेगा मौसम की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना है। पहाड़ों से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में भी ठंड और गलन बढ़ सकती है। आईएमडी का कहना है कि 26 से 28 जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 27 जनवरी को कुछ स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। 28 जनवरी को उत्तराखंड में तेज आंधी, बिजली गिरने और 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

11 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और केरल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर तेज हवाओं की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

27 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 28 जनवरी को बिहार में तेज हवाओं और बिजली के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

पहाड़ों पर बर्फ, मैदानी इलाकों में कोहरा
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी से तापमान तेजी से गिरा है। कई इलाकों में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है और कुछ राष्ट्रीय राजमार्ग अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। उधर, पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।

ये भी पढ़ें- आज सोमवार के दिन कैसा रहेगा आपका दिन, किसके हाथ लगेगी सफलता तो कौन होगा निराश?

गणतंत्र दिवस पर दिल्ली का मौसम
राजधानी दिल्ली में आज मौसम मिला-जुला रहने वाला है। सुबह के समय घना कोहरा और कड़ाके की ठंड महसूस की गई, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने की उम्मीद है। न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 19 से 22 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।

सुबह-सुबह परेड देखने निकलने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दृश्यता कम रहने के कारण वाहन चालकों को धीमी गति और हेडलाइट का इस्तेमाल करने को कहा गया है। देर सुबह से दोपहर तक का समय मौसम के लिहाज से अपेक्षाकृत सुहावना रह सकता है।

शीतलहर का कहर
मौसम विभाग ने उत्तर भारत के 21 जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, आगरा, मथुरा समेत कई जिलों में तेज ठंडी हवाएं चल सकती हैं। लोगों को खासतौर पर सुबह और रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार
केरल में मानसून के बाद भी बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 26 से 28 जनवरी के बीच राज्य में भारी बारिश हो सकती है और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

तमिलनाडु में भी आने वाले दिनों में बारिश तेज होने के संकेत हैं। कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ धूलभरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें