Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

मौसम में आया बड़ा बदलाव: उत्तर-पश्चिम भारत में बढ़ेगी गर्मी, पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में बारिश का अलर्ट

April 14, 2026

मौसम में आया बड़ा बदलाव: उत्तर-पश्चिम भारत में बढ़ेगी गर्मी, पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में बारिश का अलर्ट

Weather today 14 April 2026: अप्रैल की शुरुआत में मिली हल्की राहत अब खत्म होती दिखाई दे रही है और देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी धीरे-धीरे अपने तेवर दिखाने लगी है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार 14 अप्रैल से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग तरह के मौसम की स्थिति बन रही है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है। बात पूर्वोत्तर राज्यों, पहाड़ी क्षेत्रों और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों की करें तो यहां बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने से लोगों को राहत मिल सकती हैं।

दिल्ली और उत्तर प्रदेश का हाल
दिल्ली में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं चलेंगी, जबकि रात का तापमान भी 3 से 4 डिग्री तक बढ़ेगा, जिससे रातें भी गर्म रहेंगी। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन उमस बढ़ सकती है। उत्तर प्रदेश में तापमान फिलहाल सामान्य के आसपास है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। राज्य में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर देखने को मिलेगा।

ये भी पढ़ें- इन 2 राशियों के लिए ग्रहों की दशा भाग्यानुकूल, कारोबार में सफलता और मुश्किलें हल होने की ओर, जानें अन्य राशियों का हाल

 

बिहार, झारखंड और उत्तराखंड की स्थिति
बिहार में गर्मी के साथ-साथ उमस भी बढ़ेगी। इस कारण लोगों को अधिक परेशानी हो सकती है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश राहत दे सकती है। झारखंड में 17 और 18 अप्रैल को लू चलने की संभावना है। उत्तराखंड में 17 और 18 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के आसार हैं, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आ सकती है, हालांकि मैदानी इलाकों में गर्मी बनी रहेगी।

इन राज्यों के तापमान में तेज बढ़ोतरी
आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में 2 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। फिलहाल महाराष्ट्र के अकोला में 43.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है, जो देश में सबसे अधिक है। पूर्वी भारत में भी गर्मी बढ़ेगी, जबकि दक्षिण भारत में तापमान हल्का बढ़कर स्थिर बना रह सकता है।

लू और उमस का असर
14 से 19 अप्रैल के बीच गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। इसके अलावा बिहार, ओडिशा, गुजरात, तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में गर्मी के साथ उमस लोगों को परेशान कर सकती है।

पूर्वोत्तर और पहाड़ी क्षेत्रों में राहत
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल और सिक्किम के पहाड़ी क्षेत्रों में भी भारी बारिश की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 से 19 अप्रैल के बीच बारिश और तूफान का असर देखने को मिलेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें