Weather update 19 Jan 2026: उत्तर भारत इन दिनों भीषण सर्दी की चपेट में है। दिल्ली-नोएडा समेत कई इलाकों में सुबह और शाम घना कोहरा लोगों की रफ्तार थाम रहा है, वहीं गलन वाली ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। इसी बीच मौसम विभाग ने सात राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
दिल्ली-एनसीआर: कोहरा, ठंड और बारिश की दस्तक
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण के बाद अब मौसम एक और करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, शुक्रवार को हल्की बारिश के आसार हैं। आज के दिन घना कोहरा छाया रह सकता है और न्यूनतम तापमान गिरकर करीब 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। ठंडी हवाओं के चलते गलन और बढ़ सकती है।
ये भी पढ़ें- मिथुन और तुला राशि वालों का दिन जोखिम भरा! जानें अन्य राशियों का हाल
यूपी-बिहार: शीतलहर का प्रकोप जारी
उत्तर प्रदेश और बिहार में ठंड से फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली। यूपी के देवरिया, गोरखपुर, प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, नोएडा, झांसी, आगरा और मथुरा में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। शुक्रवार को इन इलाकों में बारिश होने की संभावना है। वहीं बिहार में पटना, गया, जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, सारण, आरा, बक्सर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी जैसे जिलों में घने कोहरे के साथ शीतलहर का असर बना रहेगा।
पहाड़ी राज्यों में बदलेगा मौसम
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम तेजी से बदलने के संकेत हैं। हिमाचल के मनाली, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, चंबा और कुल्लू में अगले तीन दिनों तक बारिश और हल्की बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड में भी ठंड बढ़ने के आसार हैं। हरिद्वार, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल, हेमकुंड साहिब, बद्रीनाथ और केदारनाथ जैसे क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 19 जनवरी 2026
कश्मीर: बर्फबारी का अलर्ट
कश्मीर घाटी में सर्दी और तेज हो गई है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।

