Site icon Dainik Savera Times

Weather Update : देशभर में बदला मौसम का मिज़ाज, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें मौसम का हाल

Today Weather Update : उत्तर भारत इस समय मौसम के अलग-अलग रंग देख रहा है। दिल्ली-एनसीआर में जहां तेज उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, वहीं उत्तराखंड, बिहार और हिमाचल जैसे राज्यों में बारिश और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मैदानी इलाकों से धीरे-धीरे विदा ले रहा है, लेकिन पूर्वी और पहाड़ी राज्यों में इसका असर अभी भी बरकरार है। आइए खबर में विस्तार से जानते है आज के मौसम का हाल…

दिल्ली-एनसीआर में उमस ने बढ़ाई मुश्किल

राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुई बारिश के बाद फिलहाल मौसम शुष्क है। आज आसमान साफ रहेगा और कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री रहने का अनुमान जताया है। तेज उमस लोगों की सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।

यूपी-बिहार में बारिश का दौर जारी

मॉनसून भले ही दिल्ली-एनसीआर से विदा हो रहा हो, लेकिन उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश का सिलसिला जारी है। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। बिहार में हालात अधिक गंभीर हैं। IMD ने सुपौल, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, शेखपुरा और बेगूसराय में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

जानें जम्मू के मौसम का हाल

जम्मू में आज न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है। दिन भर पारा 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, साथ ही हवा की गति 5 किमी प्रति घंटे के आसपास रहने की उम्मीद है।

हरियाणा में मानसून की विदाई

हरियाणा में आज से मानसून की विदाई शुरू हो गई है। यहां मॉनसून लगभग 112 दिन सक्रिय रहा और इस दौरान 568 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 39% अधिक है। IMD चंडीगढ़ के अनुसार, 20 से 22 सितंबर तक हरियाणा के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है और मौसम साफ रहेगा। हालांकि, शुक्रवार को पंचकूला में तेज बारिश और कैथल में काली घटाएं छाई रहीं।

हिमाचल प्रदेश में बारिश थमने को तैयार

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से कई जगह नुकसान हुआ है, लेकिन अब राहत की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 20 और 21 सितंबर को कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद 2-3 दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में 2-4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

उत्तराखंड में येलो अलर्ट

उत्तराखंड में झमाझम बारिश जारी है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश से भूस्खलन और सड़क बंद होने का खतरा बना हुआ है। यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version