Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

ICC का बड़ा एक्शन: इस क्रिकेटर पर लगाया 8 साल का बैन, जानें क्या है पूरा मामला

August 3, 2026

ICC का बड़ा एक्शन: इस क्रिकेटर पर लगाया 8 साल का बैन, जानें क्या है पूरा मामला

खेल डेस्क: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अमेरिका के क्रिकेटर बोदुगुम अखिलेश रेड्डी पर सभी तरह के क्रिकेट खेलने से आठ साल का प्रतिबंध लगा दिया है। आईसीसी ने उन्हें भ्रष्टाचार रोधी (एंटी-करप्शन) नियमों के तीन गंभीर उल्लंघनों का दोषी पाया है। यह मामला संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में खेले गए 2025 अबूधाबी टी10 टूर्नामेंट से जुड़ा है।

आईसीसी के अनुसार, 26 वर्षीय अखिलेश रेड्डी पर लगाया गया प्रतिबंध 21 नवंबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा। इसी दिन उन्हें पहली बार अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था। बाद में मामले की जांच और न्यायाधिकरण की सुनवाई के बाद उन्हें दोषी करार दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

आईसीसी की जांच में सामने आया कि 19 नवंबर 2025 को अबूधाबी टी10 लीग में एस्पिन स्टैलियंस टीम के पहले मैच से पहले होटल में एक गंभीर घटना हुई थी। आरोप है कि टीम प्रबंधन के कहने पर अखिलेश रेड्डी ने अपनी ही टीम के एक खिलाड़ी से संपर्क किया और उसे मैच के दौरान जानबूझकर अतिरिक्त रन देने के लिए राजी करने की कोशिश की। हालांकि, संबंधित खिलाड़ी ने इस प्रस्ताव को तुरंत ठुकरा दिया और इसकी जानकारी आईसीसी की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) को दे दी। इसके बाद मैच शुरू होने से ठीक पहले उस खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया।

जांच में क्या सामने आया?

आईसीसी ने बताया कि अखिलेश रेड्डी ने जांच से पहले अपने मोबाइल फोन से व्हाट्सएप चैट और कॉल लॉग डिलीट कर दिए थे। उन्होंने अपनी सफाई में कहा कि यह सामान्य “डेटा हाइजीन” यानी फोन साफ करने की प्रक्रिया का हिस्सा था, लेकिन न्यायाधिकरण ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। जांच में माना गया कि रेड्डी ने जानबूझकर ऐसे सबूत मिटाने की कोशिश की, जो एंटी-करप्शन यूनिट की जांच में महत्वपूर्ण हो सकते थे।

किन नियमों का उल्लंघन किया?

आईसीसी के अनुसार, अखिलेश रेड्डी ने एंटी-करप्शन कोड के तीन नियमों का उल्लंघन किया। मैच के परिणाम या खेल की स्थिति को गलत तरीके से प्रभावित करने की कोशिश करना। दूसरे खिलाड़ी को भ्रष्ट गतिविधि में शामिल होने के लिए उकसाना। जांच के दौरान सबूत नष्ट कर जांच में बाधा डालना।

न्यायाधिकरण ने सुनाया फैसला

इस मामले की सुनवाई माइकल जे. बेलोफ केसी की अध्यक्षता वाले तीन सदस्यीय न्यायाधिकरण ने की। अन्य सदस्य जस्टिस केट ओ’रेगन और लॉयड मिहिसी थे। विस्तृत सुनवाई के बाद न्यायाधिकरण ने अखिलेश रेड्डी को दोषी मानते हुए उन पर आठ साल का प्रतिबंध लगाने का फैसला सुनाया।

अमेरिका के लिए खेल चुके हैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट

अखिलेश रेड्डी ने नॉर्थ अमेरिका टी20 कप में केमैन आइलैंड्स के खिलाफ अमेरिका की ओर से अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने अमेरिका के लिए अब तक चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम एक विकेट दर्ज है। अब आठ साल के प्रतिबंध के कारण वह लंबे समय तक किसी भी स्तर का क्रिकेट नहीं खेल सकेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें