पंजाब के सूचना एवं जनसंपर्क, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा तथा आवास एवं शहरी विकास मंत्री अमन अरोड़ा ने शुक्रवार को प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी मंत्री के रूप में एक और विभाग का कार्यभार संभाल लिया। गौरतलब है कि यह विभाग हाल ही में पंजाब मंत्रिमंडल में विभागों के फेरबदल में अमन अरोड़ा को आवंटित किया गया था। कार्यभार ग्रहण करने के बाद अमन अरोड़ा ने प्रमुख सचिव श्री वी.के. मीणा, नियंत्रक पुनीत गोयल सहित विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग के कामकाज की समीक्षा की।
अमन अरोड़ा ने बदलते समय के साथ तालमेल बिठाने के लिए नवीनतम तकनीकों को अपनाते हुए और डिजिटल बुनियादी ढांचे को तेज करके मुद्रण सुविधा को नया रूप देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए विभाग के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि राज्य सरकार के सभी मुद्रण स्टेशनरी कार्य विभाग द्वारा ही निष्पादित किए जाएं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को यह नई जिम्मेदारी सौंपने के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने विश्वास दिलाया कि वह पारदर्शी तरीके से लोगों को समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपना कर्तव्य निभाएंगे।