Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

जब कप्तान स्वाभाविक खेल दिखाने को कहे तो अच्छा लगता है: सलामी बल्लेबाज Shubman Gill

January 11, 2023

जब कप्तान स्वाभाविक खेल दिखाने को कहे तो अच्छा लगता है: सलामी बल्लेबाज Shubman Gill

गुवाहाटी: भारत के युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल कप्तान रोहित शर्मा और टीम प्रबंधन के सहयोग से खुश हैं जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे में उन्हें स्वाभाविक खेल दिखाने की छूट दी। रोहित ने पारी की शुरूआत के लिये ईशान किशन पर गिल को तरजीह दी और इस युवा बल्लेबाज ने 60 गेंद में 70 रन बनाकर उनके भरोसे को सही साबित कर दिखाया। गिल ने कहा ,‘‘जब आपका कप्तान आपका साथ देता है तो अच्छा लगता है। अभ्यास सत्रों में भी हमने यही बात की कि मुझे अपना स्वाभाविक खेल दिखाना है। मैं उस लय को कायम रखना चाहूंगा।’’ गिल ने 2022 में 12 पारियों में 638 रन बनाये जिसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं।

शीर्षक्रम में रोहित के साथ तालमेल पर उन्होंने कहा ,‘‘हमने मुख्य रूप से टेस्ट में बल्लेबाजी की है ।उसके साथ बल्लेबाजी करके अच्छा लगता है ।हम यही बात करते हैं कि किस बल्लेबाज को निशाना बनाना है और रन कैसे तेजी से बनाने हैं।’’ शतक से चूकने के बारे में उन्होंने कहा ,‘‘निश्चित तौर पर मैं निराश हूं कि 70 रन पर आउट हो गया । मैने बड़ी पारी खेलने के लिये काफी मेहनत की थी। मैं 20वें ओवर में आउट हो गया जबकि उसके बाद 30 ओवर और खेलने थे।’’ जवाब में श्रीलंका ने सात विकेट 179 रन पर गंवा दिये थे लेकिन दासुन शनाका ने नाबाद 108 रन बनाकर स्कोर आठ विकेट पर 306 रन तक पहुंचाया। इसके लिये ओस को जिम्मेदार ठहराते हुए गिल ने कहा ,‘‘मुझे नहीं लगता कि गेंदबाजी चिंता का सबब है । हमने अच्छी गेंदबाजी की और उनके आठ विकेट लिये। ओस भी थी जिससे गेंदबाजी आसान नहीं थी। युजी और अक्षर दोनों ने च्छी गेंदबाजी की लेकिन कई बार गेंद गीली होने से परेशानी आती है।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें