Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Japan में भारी हिमपात का कहर, तीन लोगों की मौत, जनजीवन हुआ प्रभावित

January 25, 2023

Japan में भारी हिमपात का कहर, तीन लोगों की मौत, जनजीवन हुआ प्रभावित

टोक्योः जापान में बुधवार सुबह भारी हिमपात के कारण 3 लोगों की मौत हो गई और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। मुख्य कैबिनेट सचिव हिरोकाजू मात्सुनो ने आज एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि रिपोर्टों के अनुसार हिमपात के कारण कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि यह भी जांच की जा रही है कि दो अन्य लोगों की मौत क्या बर्फबारी के कारण हुई थी। घायल लोगों का डेटा प्राप्त किया जा रहा है।” इससे पहले, जापानी मीडिया ने बताया था कि क्योटो प्रान्त में क्योटो शहर और शिगा प्रान्त में बिवाको स्टेशन के बीच भारी बर्फबारी से मार्ग अवरुद्ध होने के कारण 10 घंटे तक ट्रेनों में फंसे कम से कम 13 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट में बताया गया कि भारी हिमपात के कारण जापान के नागासाकी प्रान्त में तारामी शहर के पास राजमार्ग पर करीब 100 वाहन फंस गये हैं। मीडिया के अनुसार, जापान एयरलाइंस और ऑल निप्पॉन एयरवेज बुधवार को 200 से अधिक उड़ानों को रद्द करने की योजना बना रहे है। पूर्वी जापान रेलवे की फुकुशिमा और शिंजो के बीच बुलेट ट्रेन सेवा को निलंबित करने की योजना है।

रिपोर्ट के अनुसार इस सप्ताह की शुरुआत से ही भारी बर्फबारी और तापमान में आई गिरावट के कारण जापान कड़ाके की ठंड की चपेट में है। बुधवार सुबह होक्काइडो द्वीप पर रिकुबेट्सु शहर में तापमान शून्य से 26.9 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। टोक्यो में तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि ओसाका में तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। कई क्षेत्रों में रात भर में 88 सेंटीमीटर (34 इंच) बर्फ गिरी है। बर्फबारी के कारण रेल, हवाई सेवा, और बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें