Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi और Joe Biden ने अमेरिका एवं भारत के बीच प्रौद्योगिकी साझेदारी की महत्ता पर की चर्चा

February 15, 2023

PM Modi और Joe Biden ने अमेरिका एवं भारत के बीच प्रौद्योगिकी साझेदारी की महत्ता पर की चर्चा

वाशिंगटनः अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका और भारत के बीच प्रौद्योगिकी संबंधी साझेदारी की महत्ता पर चर्चा की। अमेरिकी राष्ट्रपति की प्रवक्ता ने यह जानकारी दी हैं। दोनों नेताओं ने अपनी बातचीत में साझा प्राथमिकताओं पर सहयोग को विस्तार देने एवं आर्थिक विकास को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर व ‘क्वाड’ (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) जैसे समूहों में काम करते रहने की प्रतिबद्धता जताई। दोनों नेताओं ने ‘एअर इंडिया’ और ‘बोइंग के बीच ऐतिहासिक समझौते की घोषणा के बाद फोन पर बात की। इस समझौते के तहत ‘एअर इंडिया’ अमेरिकी विमान निर्माता से 200 विमान खरीदेगा।

अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यालय व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरीन ज्यां पियरे ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, कि ‘उन्होंने (मोदी एवं बाइडेन ने) भारत और अमेरिका के बीच प्रौद्योगिकी साझेदारी के महत्व पर भी चर्चा की। दोनों नेताओं ने अमेरिका-भारत संबंधों की ताकत की पुष्टि की और अपनी साझी प्राथमिकताओं पर सहयोग को विस्तार देने एवं आर्थिक विकास को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर व ‘क्वाड’ जैसे समूहों में एवं मिलकर काम करते रहने की प्रतिबद्धता जताई।’’ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, भारत और जापान ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य मौजूदगी के बीच इस अहम क्षेत्र में महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों को हर प्रकार के प्रभाव से मुक्त रखने के लिए एक नई रणनीति विकसित करने के लिए काफी समय से लंबित ‘क्वाड’ की स्थापना के प्रस्ताव को नवंबर 2017 में आकार दिया था।

यह पूछे जाने पर कि क्या बाइडन ने प्रधानमंत्री मोदी को इन गर्मियों में व्हाइट हाउस आमंत्रित किया है, पियरे ने कहा, ‘‘मैं इस पर टिप्पणी नहीं करूंगी, लेकिन उनके बीच अच्छी बातचीत हुई।’’ प्रेस सचिव के अनुसार, उन्होंने बोइंग और एअर इंडिया के बीच हुए ऐतिहासिक समझौते पर चर्चा की। पियरे ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति बाइडन ने उल्लेख किया कि यह बिक्री 44 राज्यों में कैसे 10 लाख से अधिक अमेरिकी नौकरियों में मददगार होगी और किस प्रकार ‘एअर इंडिया’ को भारत में हवाई परिवहन की बढ़ती मांगों को पूरा करने में मदद करेगी।’’ बाइडेन ने बोइंग-एअर इंडिया के बीच समझौते की घोषणा करते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ मिलकर भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को और गहरा करना चाहते हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ की एक घोषणा के अनुसार, बोइंग और एअर इंडिया के बीच एक सहमति बनी है, जिसके तहत एअर इंडिया बोइंग से 34 अरब डॉलर में 220 विमान खरीदेगी। इनमें 190 बी737 मैक्स 20 बी787, और 10 बी777एक्स शामिल हैं। समझौते के तहत 70 और विमान खरीदने का विकल्प होगा जिससे कुल लेन-देन मूल्य 45.9 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। इससे पहले नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया था कि दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी से और सार्थक वार्तालाप हुई। मोदी ने एक ट्वीट में कहा था, ‘‘राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ बात करके खुशी हुई। हम ऐतिहासिक एअर इंडिया और बोइंग समझौते का स्वागत करते हैं, जो दोनों देशों में नए अवसर पैदा करने में मदद करेगा।’’ पीएमओ ने कहा कि मोदी और बाइडन ने भारत-अमेरिका के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी प्रगाढ़ होने पर संतोष व्यक्त किया, जिसके परिणामस्वरूप सभी क्षेत्रों में मजबूत विकास हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें