Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

रसोई गैस सिलेंडर 50 रुपये महंगा हुआ, विमान ईंधन के दाम चार प्रतिशत घटे

March 1, 2023

रसोई गैस सिलेंडर 50 रुपये महंगा हुआ, विमान ईंधन के दाम चार प्रतिशत घटे

नई दिल्ली: रसोई गैस की कीमत में बुधवार को 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई, जबकि विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में चार प्रतिशत की कटौती हुई। रसोई गैस की कीमतों में करीब आठ महीने बाद बढ़ोतरी हुई। यह वृद्धि पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने के बाद की गई है, जिसकी विपक्षी दलों ने कड़ी आलोचना की है। एक पेट्रोलियम विपणन कंपनी द्वारा जारी मूल्य अधिसूचना में कहा गया कि दिल्ली में एलपीजी या रसोई गैस की कीमत को 1,053 रुपये से बढ़ाकर 1,103 रुपये प्रति सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) कर दिया गया है। यह जुलाई, 2022 के बाद पहली वृद्धि है। सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑइल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) औरहिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने कहा कि 14.2 किलोग्राम के बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,103 रुपये है। सरकार ज्यादातर गैर-उज्ज्वला उपयोगकर्ताओं को कोई सब्सिडी नहीं देती है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त एलपीजी कनेक्शन पाने वाले 9.58 करोड़ गरीबों को सरकार 200 रुपये प्रति सिलेंडर सब्सिडी देती है।

उनके लिए प्रभावी कीमत 903 रुपये प्रति सिलेंडर होगी। ताजा वृद्धि के साथ एलपीजी की कीमत अब मुंबई में 1,102.50 रुपये प्रति सिलेंडर, कोलकाता में 1,129 रुपये प्रति सिलेंडर और चेन्नई में 1,118.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। इसी तरह वाणिज्यिक इस्तेमाल वाले गैस सिलेंडर की कीमत 350.5 रुपये बढ़ाकर 2,119.5 रुपये प्रति सिलेंडर (19 किलोग्राम) कर दी गई है। वाणिज्यिक एलपीजी की दरों में आखिरी बार जनवरी में 25 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी। विपक्ष ने होली से पहले घरेलू रसोई गैस की कीमतों को बढ़ाने के लिए सरकार की आलोचना की है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक ट्वीट में कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार में महंगाई आम आदमी की कमर तोड़ रही है। शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे की प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि यह मोदी सरकार द्वारा दिया गया होली का उपहार है। दूसरी ओर पेट्रोलियम कंपनियों ने विमान ईंधन की कीमत 4,606.50 रुपये प्रति किलोलीटर घटाकर 1,07,750.27 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी है। विमान ईंधन की कीमत हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय कीमतों और विनिमय दर के आधार पर संशोधित की जाती है।

ये भी पढ़ें: CM मान की ‘शुकराना यात्रा’ का आज तीसरा दिन, दमदमा साहिब में होंगे नतमस्तक

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें