Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

एशिया की पहली महिला लोको पायलट Surekha Yadav ने वंदे भारत एक्सप्रेस का किया संचालन

March 15, 2023

एशिया की पहली महिला लोको पायलट Surekha Yadav ने वंदे भारत एक्सप्रेस का किया संचालन

मुंबई: एशिया की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है क्योंकि वह हाल में शुरू हुई सैमी-हाई स्पीड ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ ट्रेन का संचालन करने वाली पहली महिला बन गई हैं। मध्य रेलवे ने यह जानकारी दी। उन्होंने सोमवार को सोलापुर स्टेशन और मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) के बीच इस सैमी-हाई स्पीड ट्रेन का संचालन किया। मध्य रेलवे की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन 13 मार्च को निर्धारित समय पर सोलापुर स्टेशन से रवाना हुई और आगमन के निर्धारित समय से 5 मिनट पहले सीएसएमटी स्टेशन पहुंची। विज्ञप्ति में कहा गया है कि 450 किलोमीटर की यात्रा पूरी करने पर यादव को सीएसएमटी स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 8 पर सम्मानित किया गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट किया ‘वंदे भारत’ नारी शक्ति द्वारा संचालित। पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव ने ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ का संचालन किया।’ मध्य रेलवे ने कहा, ‘वंदे भारत एक्सप्रेस की पहली महिला लोको पायलट बनकर यादव ने मध्य रेलवे के इतिहास में एक और उपलब्धि जोड़ दी है।’

1988 में भारत की पहली महिला ट्रेन ड्राइवर बनी थी सुरेखा यादव
पश्चिमी महाराष्ट्र क्षेत्र में सतारा निवासी सुरेखा यादव 1988 में भारत की पहली महिला ट्रेन ड्राइवर बनी थीं। उन्होंने अपनी उपलब्धियों के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अब तक कई पुरस्कार जीते हैं। मध्य रेलवे ने सीएसएमटी सोलापुर और सीएसएमटी-साईनगर शिरडी मार्गों पर 2 वंदे भारत एक्सप्रैस ट्रेन शुरू की हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 फरवरी, 2023 को हरी झंडी दिखाई थी। रेलवे के अधिकारियों के अनुसार नए मार्गों पर लोको पायलटिंग में व्यापक अध्ययन करना होता है और ट्रेन यात्रा के दौरान चालक दल को हर पल सतर्क रहना पड़ता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें