Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

गरीब, दलित का बेटा देश के सर्वोच्च पद पर जाए, यह कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं: CM Yogi

March 24, 2023

गरीब, दलित का बेटा देश के सर्वोच्च पद पर जाए, यह कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं: CM Yogi

वाराणसी : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश को बांटने की राजनीति करने वाले कांग्रेस के नेताओं को गरीब, दलित के बेटे का देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होना फूटी आंख नहीं सुहाता है। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये योगी ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से देश को बांटने की राजनीति की है। अपने राजनीतिक फायदे के लिए कांग्रेस ने नक्सलवाद और आतंकवाद को बढ़ावा दिया है। देश ने कल देखा है कि किस तरह से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने संसदीय मर्यादा को ताक पर रखते हुए दलित, गरीब, पिछड़े और वंचितों के खिलाफ बयान दिया और जब न्यायालय की ओर से इसे लेकर खरी खोटी सुनाई गई तो कांग्रेस नेता न्यायालय की अवमानना करने पर उतारु हो गये। कांग्रेस को गरीबों, दलितों और पिछड़ों के अपमान के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में भारत दुनिया के सबसे ताकतवर 20 देशों के समूह जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है। जो दुनिया में भारत की नई ताकत का अहसास कराता है। भारत की प्रगति पर जहां एक तरफ दुनिया गौरव की अनुभूति कर रही है और इस मॉडल को अंगीकार करने के लिए लालायित है, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिनकी कई पीढ़ियों को यूपी ने नेतृत्व करने का मौका दिया वो जब यूपी से बाहर जाते हैं तो प्रदेश की और जब देश से बाहर जाते हैं तब भारत को कटघरे में खड़ा करते थे।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होने कहा कि जिस ईवीएम के जरिए 2004 और 2009 में उन्हें सरकार बनाने का सौभाग्य मिला, आज विपक्ष में आने के बाद उसी ईवीएम को वे कटघरे में खड़ा करते हैं। इन्हें भारत का विकास अच्छा नहीं लग रहा है। पीएम के प्रत्येक अभियान में हर स्तर पर बैरियर खड़ा करना इनकी आदत है। देश ने कल बखूबी देखा है कि अपने आप को भारत की सबसे पुरानी पार्टी कहने वाले नेताओं के द्वारा कैसे न्यायालय की अवमानना वाले वक्तव्य दिये जा रहे हैं। कांग्रेस देश की संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करके अपना उल्लू सीधा कर रही है। कांग्रेस ने देश के विकास के बारे में कभी नहीं सोचा। जाति, धर्म, भाषा, मत-मजहब के नाम पर हमेशा से इन लोगों ने देश को विभाजित करने का प्रयास किया। इन्होंने अपने स्वार्थ के लिए नक्सलवाद और आतंकवाद को बढ़ावा दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ देश में जातीय वैमनस्यता को बढाने वाली कांग्रेस है जो सदैव देश को, समाज को बांटने का काम करती है, वहीं नौ साल में आप सबने देखा होगा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास के भाव से बिना भेदभाव के गरीबों के कल्याण, आवास, शौचालय, राशन, रासोई गैस, बिजली कनेक्शन देने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सरकार है। चाहे आयुष्मान भारत योजना हो या विकास की अन्य सुविधाएं, ये सब बिना भेदभाव के सबतक समान रुप से पहुंच रही हैं।

उन्होने कहा कि कांग्रेस के लोगों को दलित, पिछड़े, वंचित, गरीब के बेटे को सर्वोच्च पद पर जाता देखना फूटी आंख नहीं सुहा रहा है। इन्हें गरीब, वंचित और पिछडे के बेटे का सर्वोच्च पर जाना अच्छा नहीं लग रहा है। मुझे लगता है देश की जनता गरीबों, दलितों, वंचितों, पिछडों के अपमान का बदला जरुर लेगी। जो भारत को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें देश की जनता से माफी मांगना चाहिए। नहीं तो देश ऐसे लोगों को कभी स्वीकार नहीं करेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें