Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

फिट न होने के कारण किंग्स के बेयरस्टो आईपीएल से बाहर

March 26, 2023

फिट न होने के कारण किंग्स के बेयरस्टो आईपीएल से बाहर

मोहाली: पंजाब किंग्स के जॉनी बेयरस्टो टखने की चोट से पूरी तरह फिट न हो पाने के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 2023 सीजन से बाहर हो गये हैं। फ्रेंचाइजी ने इसकी पुष्टि शनिवार को की। पंजाब किंग्स ने ट्वीट किया, ‘‘हमें आपको यह बताते हुए खेद है कि जॉनी बेयरस्टो अपनी चोट के कारण इस सीजन में आईपीएल का हिस्सा नहीं बनेंगे। हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं और अगले सीजन में उनसे मिलने का इंतजार कर रहे हैं।’’ इससे पहले, रिपोर्टों में दावा किया गया था कि बेयरस्टो अभी भी गोल्फ खेलने के दौरान फिसलने से लगी चोट के बाद अपने बाएं पैर में डाली गयी धातु की प्लेट के लिये रिहैब से गुजर रहे थे।

बेयरस्टो को किंग्स ने 2022 की मेगा नीलामी में 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनका डेब्यू सीजन बेहद खराब रहा जहां उन्होंने 11 पारियों में 23 की औसत और 144.57 की स्ट्राइक रेट से मात्र 253 रन बनाये। टीम ने अपने बयान में कहा कि विकेटकीपर-बल्लेबाज की जगह ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू शॉर्ट लेंगे। किंग्स के कोच ट्रेवर बेलिस ने कहा, ‘‘जॉनी जैसे खिलाड़ी का टीम में न होना हमारे लिये दुर्भाग्य की बात है, लेकिन साथ ही हम घोषणा कर रहे हैं कि बिग बैश में सीजन के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी मैथ्यू शॉर्ट इस आईपीएल के लिये हमारे साथ जुड़ेंगे।’’ एडिलेड स्ट्राइकर्स के लिए खेलते हुए शॉर्ट ने 14 पारियों में 144 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 458 रन बनाए। उन्होंने पिछले सीजन में बिग बैश में दो अर्द्धशतक और एक शतक लगाया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें