Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

सलमान को धमकी भरा ईमेल भेजने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, मूसेवाला के पिता को भी दी थी धमकी

March 27, 2023

सलमान को धमकी भरा ईमेल भेजने वाला आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, मूसेवाला के पिता को भी दी थी धमकी

मुंबई: अभिनेता सलमान खान को धमकी भरा ईमेल भेजने के सिलसिले में राजस्थान से 21 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इसी युवक ने दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता को भी कथित रूप से धमकी दी थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि राजस्थान के जोधपुर जिले के धाकड़राम रामलाल सियाग को बांद्रा पुलिस की एक टीम ने गिरफ्तार किया। जांच में यह बात सामने आयी थी कि धमकी भरा ईमेल सियाग के मोबाइल फोन से भेजा गया था।

अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लूनी थाने की मदद से रविवार को सियाग को गिरफ्तार कर मुंबई लाया गया, जहां एक अदालत ने उसे सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया। उन्होंने बताया, ‘‘हमारी जांच में सामने आया है कि उसने गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता को भी धमकी भरा ईमेल भेजा था। इस सिलसिले में पंजाब के मानसा थाने में मामला दर्ज किया गया है। सियाग के खिलाफ सरदारपुरा थाने में हथियार कानून के तहत भी मामला दर्ज है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम जांच करेंगे कि क्या (सलमान) खान को पहले मिली धमकियों में भी उसकी भूमिका रही है। इसमें 2022 में ‘गैंगस्टर’ गोल्डी बरार और लॉरेंस बिश्नोई तथा अन्य के खिलाफ दर्ज मामले की भी जांच की जाएगी।’’ पिछले साल मई में गायक शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के मानसा जिले में हुई हत्या के पीछे कथित तौर पर बिश्नोई और बरार का ही हाथ था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें