Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

विकसित भारत का निर्माण सभी नागरिकों का दायित्व : CM Yogi

March 28, 2023

विकसित भारत का निर्माण सभी नागरिकों का दायित्व : CM Yogi

बस्तीः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि विकसित भारत का निर्माण करना सभी देश वासियों का दायित्व है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की ओर निरन्तर अग्रसर है और सभी वर्गों के लिए निरन्तर कार्य हो रहा है। एडी अकादमी धर्मपुर दुबौलिया के परिसर में ‘डॉक्टर वाई डी सिंह’ की प्रतिमा का अनावरण एवं उनकी कृतियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन करने के बाद श्री योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि अपने मूल कर्तव्य के साथ डा सिंह के समाजसेवा के प्रति जुनून काबिल ए तारीफ था। उन्होंने डाक्टरी के पेशे के साथ समाजसेवा के जरिये भी विकसित भारत के निर्माण में अहम योगदान दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है मगर इस काज में सभी देशवासियों का सहयोग जरुरी है। यह एक भारतीय होने के नाते हम सभी का नैतिक दायित्व भी है।

सभी लोगों को नवरात्रि एवं रामनवमी की बधाई एवं शुभकामना देते हुए उन्होंने कहा कि डॉक्टर सिंह ने सरकारी नौकरी करते हुए समाज सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसको पूरा पूर्वांचल जानता है। अपनी ड्यूटी पूरा करने के बाद आवास पर भी मरीजो को देखते थे। लाखो बच्चों को उन्होंने जीवन दान दिया है जिसको कभी भुलाया नही जा सकता। बच्चो को दिखाने के लिए नेपाल से लोग आते थे और वे नि:शुल्क इलाज करा कर वापस जाते थे। उन्होंने कहा कि गोरखपुर मेडिकल कालेज को नई ऊंचाई पर पहुंचाने में उनका बहुत बड़ा योगदान है, जिसको गोरखपुर के नागरिक ही नहीं पूरे पूर्वांचल के नागरिक जानते है।विना भेदभाव के उनके द्वारा सभी लोगों का इलाज किया जाता था। एक समय ऐसा था जब सरकारे मेडकिल कालेज में पैसा कम देती थी तो उन्होंने गोरखपुर मेडकिल कालेज में अपने पैसों से बहुत से कार्य ऐसे कराये जिसकी परिकल्पना नहीं की जा सकती है।

योगी ने कहा कि आजादी की अमृत महोत्सव के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘पंच प्रण’ के बारे में विस्तारपूर्वक बताते हुए कहा था कि विकसित भारत देश के निर्माण करने में सभी नागरिकों का योगदान होना चाहिए। प्रत्येक नागरिकों का कर्तव्य है, वो सभी झलकियां डॉक्टर वाई डी सिंह में झलती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरन्तर विकास की ओर अग्रसर है सभी वर्ग के लोगो के लिए विकास कार्य हो रहा है। केंद्र तथा प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के विकास कार्य करा रही है जिसका लाभ सभी को मिल रहा है। उन्होंने कहा की वरिष्ठ हिन्दी साहित्यकार भारतेन्दु हरिश्चन्द्र बस्ती की यात्र पर आये थे तो उन्होंने बस्ती की दशा पर कहा था ‘‘ बस्ती को बस्ती कहूं तो काको कहूं उजाड़’’ लेकिन अब ये बस्ती वो बस्ती नही रहा। बस्ती जिला विकास की ओर निरन्तर अग्रसर है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें