Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

यूपी में 12 हजार से ज्यादा शिक्षक पदों पर निकली भर्ती, जानें योग्यता और आवेदन की तारीख

September 22, 2026

यूपी में 12 हजार से ज्यादा शिक्षक पदों पर निकली भर्ती, जानें योग्यता और आवेदन की तारीख

Recruitment for Primary Teacher Posts : उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य में प्राइमरी टीचर के 12,405 पदों पर भर्ती शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने इस भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

यह भर्ती विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत निकाली गई है। इसके जरिए बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के सहायता प्राप्त स्कूलों में खाली पड़े शिक्षक पदों को भरा जाएगा। फॉर्म भरने से पहले उम्मीदवारों को भर्ती की सभी जरूरी शर्तें और योग्यता जरूर देख लेनी चाहिए।

दो तरह के पदों पर होगी भर्ती

इस भर्ती में असिस्टेंट टीचर के पदों को दो हिस्सों में बांटा गया है। बेसिक शिक्षा विभाग के तहत असिस्टेंट टीचर अर्बन के 11,508 पद हैं। वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत गैर-सरकारी सहायता प्राप्त प्राथमिक विद्यालयों के लिए असिस्टेंट टीचर अटैच्ड प्राइमरी के 897 पद निर्धारित किए गए हैं। अर्बन असिस्टेंट टीचर के 11,508 पदों में 4,746 सामान्य वर्ग, 3,069 ओबीसी, 1,116 ईडब्ल्यूएस, 2,379 एससी और 198 एसटी पद शामिल हैं। वहीं 897 अटैच्ड प्राइमरी पदों में 378 सामान्य, 164 ओबीसी, 7 ईडब्ल्यूएस और 348 एससी पद हैं।

15 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

उम्मीदवार 16 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी 15 अक्टूबर रखी गई है। वहीं आवेदन फॉर्म में सुधार करने का मौका 19 अक्टूबर 2026 तक मिलेगा।

फॉर्म भरने के लिए उम्मीदवारों को पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आवेदन से पहले अभ्यर्थियों को सभी जरूरी दस्तावेज और अपनी पात्रता की जांच कर लेने की सलाह दी गई है।

क्या होनी चाहिए पढ़ाई?

बता दें कि असिस्टेंट टीचर अर्बन पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ BTC, BTC उर्दू, स्पेशल BTC, D.El.Ed. या 4 साल की B.Ed. जैसी तय योग्यता में से कोई एक होना जरूरी है। उम्मीदवार का TET पास होना भी जरूरी है। असिस्टेंट टीचर अटैच्ड प्राइमरी पद के लिए ग्रेजुएशन के साथ NCTE से मान्यता प्राप्त BTC या D.El.Ed. होना चाहिए। इसके अलावा कक्षा 1 से 5 के लिए मान्य TET परीक्षा पास करना जरूरी है।

कितनी होनी चाहिए उम्र?

असिस्टेंट टीचर अर्बन पद के लिए उम्मीदवार की उम्र 1 जुलाई 2026 को 21 से 40 साल के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र में छूट मिलेगी।

कितनी देनी होगी फीस?

आवेदन करने के लिए ओबीसी और ईडब्ल्यूएस समेत संबंधित श्रेणियों के उम्मीदवारों को 1,000 रुपये फीस देनी होगी। एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए फीस 500 रुपये, जबकि दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 300 रुपये रखी गई है।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

1. सबसे पहले UPESSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
2. वहां UP Super TET 2026 Online Application के लिंक पर क्लिक करें।
3. अपनी जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें।
4. लॉगिन करके आवेदन फॉर्म खोलें।
5. अपनी व्यक्तिगत और पढ़ाई से जुड़ी जानकारी भरें।
6. जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करें।
7. ऑनलाइन आवेदन फीस जमा करें।
8. फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंट या कॉपी अपने पास जरूर रखें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें