Last Updated: November 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने दी जानकारी, Kangra जिला के नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों में लगेंगे CCTV कैमरे

March 29, 2023

जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने दी जानकारी, Kangra जिला के नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों में लगेंगे CCTV कैमरे

धर्मशाला (यशपाल दरगेलिया) : कांगड़ा जिले में नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाएं जाएंगे। यह जानकारी जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने दी हैं। उन्होंने कहा कि उनकी फीड को जिले में बनने वाले वन स्टॉप सेंटर में मॉनीटर किया जा सकेगा। इससे नशा मुक्ति तथा पुनर्वास केंद्रों में बेहतर व्यवस्था और निगरानी सुनिश्चित होगी। वे राष्ट्रीय नार्को समन्वय पोर्टल (एनकॉर्ड) के तहत बनी जिलास्तरीय समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। धर्मशाला में आयोजित इस बैठक में जिला नार्कोटिक्स समन्वय समिति की संयोजक पुलिस अधीक्षक कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री भी उपस्थित रहीं।

जिलाधीश ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर में नशा पीडि़तों के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन भी स्थापित होगी, जिसके माध्यम से उनकी समस्याओं को सुनने, काउंसिलिंग करने और उनके उपचार से संबंधित सारी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। डॉ. निपुण जिंदल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जिले में सिविल अस्पतालों में नशा मुक्ति क्लीनिकों को सक्रिय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां चिकित्सकों की तैनाती को लेकर रोस्टर बनाने को कहा। यह भी सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए कि वहां सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध हों। नशा रोगियों की काउंसिलिंग के लिए चिकित्सकों की सेेंसिटाइजेशन कार्यशाला व प्रशिक्षण कराएं। जिलाधीश ने सभी एसडीएम से नशा निवारण तथा पुनर्वास केंद्रों के निरीक्षण का ब्योरा लिया और उन्हें संबंधित क्षेत्रों में नियमित अंतराल पर औचक निरीक्षण करने को कहा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने नशा निवारण के लिए पुलिस के प्रयासों में सभी विभागों से सहयोग का आग्रह किया।

डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि कांगड़ा जिले में 10 जून से 26 जून तक भांग के पौधे उखाड़ने को व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसमें हर पंचायत में जनभागीदारी से मुहिम चलाई जाएगी। उपायुक्त ने जिला पंचायत अधिकारी को इसे लेकर रूपरेखा बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस अभियान में विभिन्न विभागों के सहयोग के साथ साथ पंचायती राज संस्थानों, गैर सरकारी संस्थाओं, महिला मंडलों, युवक क्लबों, एनसीसी व स्काउट्स एंड गाइड्स की भागीदारी तय बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में 10 से 25 जून तक विविध जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी और 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर प्रत्येक पंचायत में कार्यक्रम किए जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें