Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

28 अप्रैल को प्रदर्शित होगी ‘बेरा- एक अघोड़ी’

April 18, 2023

28 अप्रैल को प्रदर्शित होगी ‘बेरा- एक अघोड़ी’

पटना: बिहार की पृष्ठभूमि पर बनी हिंदी फिल्म ‘बेरा- एक अघोड़ी’ 28 अप्रैल को रिलीज होगी। धिराल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी हॉरर हिन्दी फीचर फिल्म बेरा – एक अघोड़ी के निर्माता राजू भारती हैं जबकि लेखक शक्तिवीर धिराल और निर्देशक प्रेम धिराल है। राजू भारती ने बताया की मूलतः हॉरर विषयक फिल्म बेरा – एक अघोड़ी में सिर्फ डरावने दृश्य ही नहीं हैं, बल्कि रोचक और लुभावने किस्से भी हैं। इसमें रहस्य, रोमांच के समानांतर रोमांस का तड़का भी है, जो नौजवानों को खूब पसंद आयेगा। उन्होने बताया कि इन सारे इंद्रधनुषी दृश्यों को आपके समक्ष जीवंत रूप में दिखायेंगे अभिनेता शक्ति धिराल, प्रेम धिराल और प्राजक्ता शिंदे।

फिल्म निर्माता राजू भारती ने बताया कि फिल्म में संगीतकार जोड़ी प्रेम-शक्ति ने कर्णप्रिय संगीत दिया है। नक्काश अजीज, शाहिद माल्या और वैशाली द्वारा गाये गीतों के लोकप्रिय होने की उम्मीद है। फिल्म के डीओपी रोशन खड़गी हैं। ऑडियो लैब मीडिया कॉर्पोरेशन द्वारा प्रदर्शित होने जा रही हॉरर फिल्म बेरा – एक अघोड़ी 28 अप्रैल 2023 से सिनेमाघरों में दिखाई जायेगी।

फिल्म के निर्देशक और अभिनेता प्रेम धिराल ने बताया कि फिल्म बेरा एक अघोड़ी, तंत्र मंत्र की दुनिया से दूर एक साफ सुथरी हॉरर, रहस्य रोमांच से लबरेज होने के साथ रोमांस से भी भरपूर है। यह फिल्म एक ऐसी सुंदरी की कहानी है जो अपने दो प्रेमियों शक्ति और प्रेम को अपनी अंगुली पर नचाती है और स्वयं मोहित हो कर दोनों के मध्य पेंडुलम बन जाती है, जो काफी रोमांचक होगा।

फिल्म अभिनेता शक्ति धिराल ने बताया कि फिल्म ‘बेरा – एक अघोड़ी’ एक नयी सोच वाली नये ज़माने और नये मिजाज की फिल्म है, इसको यंगस्टर्स खूब एंज्वॉय करेंगे। फिल्म की अभिनेत्री प्रजक्ता शिन्दे ने बताया कि फिल्म में उनकी भूमिका एक ऐसी लड़की की है, जो पहले अपने दो प्रेमियों को अपने प्रेम जाल में फंसा कर अपनी उंगलियों पर नचाती है और फिर दोनो के बीच खुद फंस जाती है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें