Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

पांच ओवर में 96 रन देने की वजह से हारे: बाउचर

April 23, 2023

पांच ओवर में 96 रन देने की वजह से हारे: बाउचर

मुंबई: मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच मार्क बाउचर ने पंजाब किंग्स के हाथों मिली हार के लिये अपने गेंदबाजों को दोषी ठहराया जिन्होंने पांच ओवर में 96 रन देकर पंजाब को आठ विकेट पर 214 रन बनाने दिये ।जवाब में मुंबई की टीम 13 रन पीछे रह गई । कैमरन ग्रीन ने 43 गेंद में 67, सूर्यकुमार यादव ने 26 गेंद में 57 और कप्तान रोहित शर्मा ने 27 गेंद में 44 रन बनाये ।

बाउचर ने मैच के बाद कहा ,‘‘ मुझे लगता है कि मुकाबला बराबरी का था । सूर्यकुमार का विकेट बड़ा था और गेंद जरा ऊंची जाती तो यह छक्का होता । उसने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन पंजाब को बड़ा स्कोर बनाने दिया जो निराशाजनक है । हमने गेंदबाजी की वजह से मैच गंवाया।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ सूर्य का फॉर्म में लौटना अच्छा है । उसको बल्लेबाजी करते देखना रोमांचक है। वह नेट पर अच्छा खेल रहा था और अब रन भी बन रहे हैं।’’

बाउचर ने कहा ,‘‘हमने 15वें ओवर में मैच पर नियंत्रण रखा था लेकिन फिर आखिरी पांच ओवरों में 96 रन दे डाले। यह निराशाजनक है।’’ उन्होंने अर्जुन तेंदुलकर का बचाव किया जिसने 15वें ओवर में 31 रन दिये । उसने तीन ओवर में 48 रन दे डाले। कोच ने कहा ,‘‘ रोहित काफी अनुभवी क्रिकेटर है और उसे लगा कि अर्जुन 14वां या 15वां ओवर डाल सकता है। कई बार फैसले आपके पक्ष में जाते हैं और कई बार नहीं । टी20 क्रिकेट में ऐसा ही होता है ।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें