Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

इशांत ने कहा, ‘वाइड यॉर्कर’ का अभ्यास करने का फायदा मिला

May 3, 2023

इशांत ने कहा, ‘वाइड यॉर्कर’ का अभ्यास करने का फायदा मिला

अहमदाबाद: गुजरात टाइटंस के खिलाफ अंतिम ओवर में 12 रन का बचाव करके दिल्ली कैपिटल्स को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने कहा कि ‘वाइड यॉर्कर’ का अभ्यास करने का उन्हें फायदा मिला। दिल्ली ने मंगलवार को पांच रन की करीबी जीत से इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी उम्मीदें जीवंत रखी। उसकी यह नौ मैचों में तीसरी जीत है और उसे प्लेआॅफ में जगह बनाने के लिए अपने बाकी बचे पांचों मैच में जीत दर्ज करनी होगी।

इशांत को टूर्नामेंट के शुरू में मौका नहीं दिया गया था लेकिन इसके बाद जब उन्हें अंतिम एकादश में शामिल किया गया तो उन्होंने काफी किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने अभी तक चार मैचों में 6.5 प्रति ओवर की दर से रन दिए हैं और छह विकेट हासिल किए हैं।भारत की तरफ से 105 टेस्ट खेलने वाले इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने गुजरात के खिलाफ 20वें ओवर में खतरनाक दिख रहे राहुल तेवतिया पर लगाम कसे रखी और उन्हें पवेलियन की राह दिखाई। तेवतिया ने इससे पहले ओवर में एनरिक नोर्किया पर लगातार तीन छक्के लगाकर गुजरात को जीत के करीब पहुंचा दिया था।

इशांत ने मैच के बाद कहा,,‘‘ हम नई गेंद से गेंदबाजी करने का अभ्यास करते हैं लेकिन साथ ही हम ‘वाइड यॉर्कर’ करने का भी अभ्यास करते हैं और आज इसका हमें फायदा मिला। मैंने खुद पर भरोसा रखा और ‘वाइड यॉर्कर’ की।’’ उन्होंने कहा,‘‘ जब आप नेट्स पर अभ्यास करते हैं तो तब किसी खास बल्लेबाज को कैसी गेंदबाजी करनी है इसकी भी योजना बनाते हैं। यह हर समय अपनी इस रणनीति पर अमल करने और खुद पर भरोसा करने से जुड़ा है।’’ इशांत ने कहा,‘‘ हम (गेंदबाज) लक्ष्य के बारे में नहीं सोचते। यह केवल अपनी रणनीति को सही तरह से लागू करने से जुड़ा है। हम आगे के बारे में सोचते हैं और सर्वश्रेष्ठ की उम्मीद रखते हैं।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें