Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

UP निकाय चुनाव: CM Yogi और Mayawati ने जनता से की मतदान डालने की अपील

May 4, 2023

UP निकाय चुनाव: CM Yogi और Mayawati ने जनता से की मतदान डालने की अपील

लखनऊः उत्तर प्रदेश में हो रहे नगर निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं बसपा प्रमुख मायावती ने राजधानी लखनऊ में वोट डाला। दोनों ने अपनी-अपनी पार्टी की जीत का दावा किया। मतदान के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय के चुनाव के प्रथम चरण का आज मतदान प्रारंभ हो चुका है। प्रदेश के 4.32 करोड़ से अधिक मतदाता नगरीय व्यवस्था को सुदृढ़ और सुंदर बनाने के लिए मतदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि आज मौसम भी सुहाना है, ऐसे में जनता अपने मताधिकार का प्रयोग करे और एक अच्छी सरकार चुने। उन्होंने लोगों से हर हाल में मतदान करने की अपील की और कहा, कि मतदान हमारा कर्तव्य है जिसका बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए इसलिए मेरी प्रदेश के मतदाताओं से अपील है कि मतदान अवश्य करें। बसपा प्रमुख मायावती ने लखनऊ के चिल्ड्रेन पैलेस म्युनिसिपल स्कूल में अपने मताधिकार का उपयोग किया। उन्होंने मतदाताओं से वोट जरूर डालने की अपील करते हुए कहा, हमारी पार्टी इस चुनाव को बिना किसी दूसरी पार्टी के समर्थन के अकेले लड़ रही है। हमें उम्मीद है कि हमारी पार्टी को अच्छा रिस्पॉन्स मिलेगा और हमें सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। मैं चाहती हूं कि राज्य के सभी नागरिक इस चुनाव में अपना वोट डालें।

गौरतलब है कि नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया है। मतदान शाम छह बजे तक होगा। मतदान के लिए बुधवार सुबह ही पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गई थीं। पहले चरण में प्रदेश के नौ मंडलों के 37 जिलों में 10 नगर निगमों, 104 नगर पालिका परिषदों और 276 नगर पंचायतों के चुनाव होंगे। इस चरण में करीब 2.40 करोड़ मतदाता 7,593 पदों के लिए 44 हजार से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें