Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बनायी 3-0 की अपराजेय बढ़त

May 4, 2023

पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बनायी 3-0 की अपराजेय बढ़त

कराची: पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड की गलतियों का फायदा उठाते हुए तीसरा वनडे बुधवार रात 26 रन से जीतकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अपराजेय बढ़त बना ली। पदार्पण मैच खेल रहे आलराउंडर कॉल मैक्कोंची ने साहसिक नाबाद 64 रन बनाये जबकि टॉम ब्लंडेल (65) ने सर्वाधिक रन बनाये लेकिन टीम की गलतियों ने उनके प्रयास पर पानी फेर दिया और मेजबान पाकिस्तान ने मुकाबला 26 रन से जीत लिया।

पाकिस्तान ने ओपनर इमाम उल हक (90) और कप्तान बाबर आजम (54) की शानदार पारियों से 50 ओवर में 287/6 रन का मजबूत स्कोर बनाया लेकिन कीवी टीम आखिरी ओवर में 261 रन पर ढेर हो गयी जो उसकी लगातार तीसरी पराजय है। सीरीज में पहली बार खेल रहे टॉम ब्लंडेल ने सर्वाधिक रन बनाये लेकिन वह दो अनावश्यक रन आउट में से एक रहे। ब्लंडेल और विल यंग ने 15.3 ओवर में पहले विकेट के लिए 83 रन जोड़े लेकिन यंग 41 गेंदों में 33 रन बनाकर रन आउट हो गए।

ब्लंडेल के आउट होने के बाद कीवी टीम की बल्लेबाजी में वह ताकत नहीं थी जो उसे लक्ष्य के आसपास भी ले जा सके। न्यूजीलैंड को आखिरी 10 ओवर में 97 रन की जरूरत थी लेकिन जब टॉम लाथम 60 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हो गए तो पाकिस्तान की जीत सुनिश्चित हो गयी। मैक्कोंची ने एकतरफा संघर्ष करते हुए 45 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 64 रन बनाये लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों से कोई सहयोग नहीं मिला।

इससे पहले फखर जमान के जल्दी आउट होने के बाद बाबर और इमाम उल हक ने दूसरे विकेट के लिए 108 रन जोड़े। बाबर ने 62 गेंदों पर 54 रन बनाये जबकि इमाम उल हक ने 107 गेंदों पर सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 90 रन बनाये। पाकिस्तान ने छह विकेट पर 287 रन बनाकर न्यूजीलैंड के सामने 288 रन का लक्ष्य रखा जो मेहमान टीम के लिए अंत में बड़ा साबित हुआ। पाकिस्तान की तरफ से नसीम शाह 2-41, मोहम्मद वसीम 2-50 और शाहीन शाह आफरीदी 2-52 ने दो-दो विकेट लिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें