Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब सरकार ने बैंक PO और AAO की प्रवेश परीक्षा के लिए मुफ्त कोचिंग के लिए मांगे आवेदन

May 11, 2023

पंजाब सरकार ने बैंक PO और AAO की प्रवेश परीक्षा के लिए मुफ्त कोचिंग के लिए मांगे आवेदन

चंडीगढ़ (नीरू): मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य के युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में बैंक प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ) एवं असिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर (एएओ) (एलआईसी/जीआईसी)-2023 की प्रवेश परीक्षा हेतु निःशुल्क कोचिंग के लिए पंजाब राज्य के ग्रेजुएट युवाओं से आवेदन पत्र मांगे हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सामाजिक न्याय, अधिकारिता और अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि आवेदक पंजाब राज्य के स्थायी निवासी, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित होना चाहिए। इस योजना का लाभ वही लोग उठा सकते हैं जिनके पास ग्रेजुएट की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता है। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी के परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 3 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि उम्मीदवारों का चयन सामान्य अंग्रेजी, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, रीजनिंग और करंट इवेंट्स विषयों के ऑब्जेक्टिव टाइप टेस्ट के आधार पर किया जाएगा, जो अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ करियर एड कोर्सेज, फेज-3-बी-2, एसएएस नगर मोहाली में 7 जून को सुबह 10 बजे होगा। इस परीक्षा की अवधि एक घंटे की होगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लागू की गई इस योजना के तहत जो उम्मीदवार बैंक पीओ और एओओ (एलआईसी/जीआईसी)-2023 की प्रवेश परीक्षा के लिए मुफ्त कोचिंग कोर्स करने के इच्छुक हैं, वे आवेदन कर सकते हैं। वे 24 मई 2023 को या उससे पहले प्रिंसिपल, अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ करियर एंड कोर्सेज, फेस-3-बी-2, एसएएस नगर (मोहाली) को सभी आवश्यक प्रमाणपत्रों की स्व-सत्यापित प्रतियों के साथ अपने भरे हुए आवेदन पत्र भेज सकते हैं। अभ्यर्थी प्रवेश के संबंध में पूरी जानकारी संस्थान की वेबसाइट www.welfarepunjabnow.in पर अभी प्राप्त कर सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें