Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

नटराज विश्व तैराकी चैम्पियनशिप के 100 मीटर बैकस्ट्रोक के सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूके

July 24, 2023

फुकुओका: भारत के शीर्ष तैराक श्रीहरि नटराज मौजूदा सत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकालने के बाद बावजूद सोमवार को यहां विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके। एशियाई खेलों में भाग लेने वाले तैराक ने 55.26 सेकेंड का समय निकाला और अपनी हीट में अंतिम और कुल मिलाकर 31वें स्थान पर रहे। सात हीट में शीर्ष 18 तैराक सेमीफाइनल में पहुंचे। बाईस साल के नटराज ने मार्च में सिंगापुर नेशनल एज ग्रुप’ में 55.60 सेकेंड के प्रयास से स्वर्ण पदक के साथ अपने सत्र की शुरुआत की थी। उन्होंने इसके बाद मई में मोनाको के ‘मारे नोस्ट्रम स्विम टूर’ में 55.29 सेकेंड का समय लिया था।

सौ मीटर बैकस्ट्रोक नटराज का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 53.77 सेकेंड का है, जिससे कर्नाटक इस के तैराक ने 2021 में तोक्यो ओलंपिक ‘ए’ कट हासिल किया था। वह मौजूदा विश्व चैंपियनशिप में 50 मीटर के साथ-साथ 200 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में भी प्रतिस्पर्धा करेंगे। दो बार के ओलंपियन साजन प्रकाश और दिल्ली के तैराक कुशाग्र रावत भी अपनी स्पर्धाओं में प्रभावित करने में असफल रहे। प्रकाश 50 मीटर बटरफ्लाई में 24.93 सेकेंड के समय के साथ 91 तैराकों के बीच 57वें स्थान पर रहे। वह मंगलवार को अपनी पसंदीदा स्पर्धा 200 मीटर बटरफ्लाई में चुनौती पेश करेंगे। रावत इस चैम्पियनशिप में केवल 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। वह तीन मिनट 59.03 सेकंड के समय के साथ 35वें स्थान पर रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें