Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत को निर्णायक मैच में प्रयोग सफल रहने की उम्मीद 

July 31, 2023

भारत को निर्णायक मैच में प्रयोग सफल रहने की उम्मीद 

तारोबा: भारत को उम्मीद है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ मंगलवार को तीसरे और निर्णायक एक दिवसीय क्रिकेट मैच में मध्यक्रम में संजू सैमसन और सूर्यकुमार यादव को आजमाने का उसका प्रयोग सफल साबित होगा। वेस्टइंडीज से 2006 के बाद से एक भी वनडे श्रृंखला नहीं हारी भारतीय टीम ने बारबडोस में दूसरे वनडे में पराजय का सामना किया जिसमें कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली को आराम दिया गया था। छह विकेट से मिली हार के बाद कोच राहुल द्रविड़ ने कहा था कि भारतीय टीम अगले महीने होने वाले एशिया कप और फिर विश्व कप के मद्देनजर वृहत तस्वीर देख रही है जिसमें देखना है कि अहम मुकाबलों में युवा खिलाड़ी कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं।

द्रविड़ ने शनिवार को कहा था ,‘‘हम हमेशा वृहत तस्वीर देखेंगे। एशिया कप और विश्व कप आने वाले हैं और हमें ऐसा करना ही होगा क्योंकि खिलाड़ी चोटिल भी हो सकते हैं। हम हर एक मैच या हर श्रृंखला को लेकर चिंतित नहीं हो सकते। अगर ऐसा करेंगे तो वह गलती होगी। पचास ओवरों के प्रारूप में संघर्ष करते दिख रहे सूर्यकुमार लंबी पारी खेलकर मैच जिताने पर फोकस करेंगे। वहीं कई बार वापसी करने के बावजूद प्रभावित नहीं कर सके सैमसन के पास भी यह सुनहरा मौका है।

वह दूसरे वनडे की ही तरह तीसरे नंबर पर उतर सकते हैं। सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने प्रभावित किया है लेकिन शुभमन गिल अभी  तक बड़ी पारी नहीं खेल पाये हैं। हार्दिक पंड्या ने पहले दो मैचों में गेंदबाजी की शुरूआत की लेकिन बल्ले से नाकाम रहे। पांच मैचों की टी20 श्रृंखला से पहले वह उपयोगी पारी खेलना चाहेंगे। गेंदबाजी में तेज गेंदबाज उमरान मलिक अभी तक विकेट नहीं ले सके हैं । उनकी रफ्तार भारत के लिए ‘एक्स फैक्टर’ है लेकिन उन्हें अपनी तकनीक और सटीकता पर काम करना होगा। चाइनामैन कुलदीप यादव ने प्रभावी प्रदर्शन किया है जिससे उनके दोस्त युजवेंद्र चहल के लिये टीम में जगह नहीं बन पा रही।

अब वह टी20 श्रृंखला में ही नजर आएंगे।वेस्टइंडीज के पास खोने के लिए कुछ नहीं है और अगर वह भारत को हरा देता है तो वनडे विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाने के जख्मों पर कुछ हद तक मरहम लगेगा। उसके गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है ।बायें हाथ के स्पिनर गुडाकेश मोती अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं जबकि तेज गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड भी प्रभावी रहे हैं। कप्तान शाइ होप ने कहा ,‘‘हम एक बार फिर उस प्रदर्शन को दोहरायेंगे। हमें बल्ले और गेंद से लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

टीमें :

भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, रूतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या (उप कप्तान), शार्दुल ठाकुर, रविंदर  जडेजा, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, जयदेव उनादकट, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक, मुकेश कुमार

वेस्टइंडीज : शाई होप (कप्तान), रोवमैन पॉवेल, एलिक अथानाजे, यानिक कारिया, कीसी कार्टी, डोमिनिक ड्रेक्स, शिमरोन हेटमायेर, अलजारी जोसेफ, ब्रेंडन किंग, काइल मायर्स, गुडाकेश मोती, जेडेन सील्स, रोमारियो शेफर्ड, केविन सिनक्लेयर, ओशाने थॉमस ।

मैच का समय : शाम सात बजे से ।

 

 

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें