शीर्ष 10 कंपनियों में सात का बाजार मूल्यांकन 74,603 करोड़ रुपये घटा, HDFC Bank को सबसे अधिक नुकसान
August 13, 2023
नई दिल्ली: देश की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में सात का कुल बाजार मूल्यांकन पिछले सप्ताह 74,603.06 करोड़ रुपये घट गया। इनमें सबसे अधिक नुकसान एचडीएफसी बैंक को हुआ। पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स में 398.6 अंक या 0.60 फीसदी की गिरावट आई।
इस दौरान आईसीआईसीआई बैंक,हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस और आईटीसी के बाजार मूल्यांकन में गिरावट हुई, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस और भारतीय स्टेट बैंक को लाभ हुआ। एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 25,011 करोड़ रुपये घटकर 12,22,392.26 करोड़ रुपये हो गया।
आईसीआईसीआई बैंक का बाजार मूल्यांकन 12,781 करोड़ रुपये घटकर 6,66,512.90 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल का बाजार मूल्यांकन 11,096.48 करोड़ रुपये घटकर 4,86,812.08 करोड़ रुपये रह गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का मूल्यांकन 10,396.94 करोड़ रुपये घटकर 5,87,902.98 करोड़ रुपये और आईटीसी का मूल्यांकन 7,726.3 करोड़ रुपये घटकर 5,59,159.71 करोड़ रुपये रह गया।
इसके अलावा बजाज फाइनेंस और इंफोसिस का मूल्यांकन भी घटा। दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज का मूल्यांकन 25,607.85 करोड़ रुपये बढक़र 17,23,878.59 करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान टीसीएस और एसबीआई का मूल्यांकन भी बढ़ा।
शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। उसके बाद टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस, आईटीसी, एसबीआई, भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस रहे।