Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

बुमराह की फिटनेस पर रहेगी हर किसी की नजर

August 18, 2023

बुमराह की फिटनेस पर रहेगी हर किसी की नजर

मुबंई: आयरलैंड के खिलाफ 18 अगस्त से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज में जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी ड्रेसिंग रूम के साथ साथ भारतीय प्रशंसकों के लिये भी आकर्षण का केंद्र बनेगी। पीठ की चोट के कारण लंबे समय से बाहर चल रहे बुमराह टीम इंडिया की कमान संभालेंगे। अब वह पूरी तरफ से फिट हैं। आयरलैंड पहुंचने के बाद बुमराह नेट्स में घातक गेंदबाजी करते दिखे जिसका वीडियो बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

दरअसल, भारतीय टीम ने आज आयरलैंड में अपना पहला प्रैक्टिस सेशन किया। सेशन की शुरुआत में बुमराह ने गेंद अपने हाथों में ली और नेट्स में गेंदबाजी करते दिखे। इस दौरान वह जबरदस्त स्पीड और सटीक लाइन-लेंथ के साथ गेंदबाजी करते दिखाई दिए। वीडियो में उन्होंने पहले बल्लेबाज को अपने खतरनाक बाउंसर से परेशान किया और बाद में सटीक यॉर्कर डालकर बल्लेबाज को चारों खाने चित किया।

वीडियो को शेयर करते हुए बीसीसीआई ने कैप्शन में लिखा, ‘‘जिस पल का हम सब इंतजार कर रहे थे। जसप्रीत बुमराह जिन्हें हम हमेशा से इस गेंदबाजी के लिए जानते हैं।’’ गौरतलब है कि बुमराह ने अपना पिछला अंतरराष्ट्रीय मैच सितम्बर 2022 में आस्ट्रेलिया के विरुद्ध खेला था। टीम के साथ-साथ फैंस को भी उनकी कमी काफी समय से महसूस हो रही थी। इस सीरीज में उनकी फिटनेस किस तरह से रहती है इस पर सभी का ध्यान रखेगा। इसी के आधार पर उन्हें एशिया कप और वर्ल्ड कप 2023 के स्क्वाड में शामिल करने को लेकर अंतिम फैसला लिया जायेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें