Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

Noida में कांस्टेबल के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास, फिर लोहे की छड़ से किया हमला  

August 18, 2023

Noida में कांस्टेबल के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास, फिर लोहे की छड़ से किया हमला  
नोएडाः गौतम बुद्ध नगर के बीटा-दो थाना क्षेत्र में पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल के ऊपर ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया, कांस्टेबल ने किसी तरह से ट्रैक्टर के बोनट पर चढक़र अपनी जान बचाई। ट्रैक्टर चालक ने लोहे की छड़ से कांस्टेबल के ऊपर जानलेवा हमला भी किया और मौके से भाग गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बीटा-दो के थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि घटना बृहस्पतिवार की है और उसी रात यातायात पुलिस में तैनात कांस्टेबल गोविंद सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि सिंह ने अपनी शिकायत में कहा कि शाम करीब छह बजे जब वह पी-3 गोल चक्कर पर दो अन्य सहयोगियों विनय तोमर तथा तिमिर चंद्र शर्मा के साथ यातायात ड्यूटी पर तैनात थे, तभी कासना की तरफ से एक ट्रैक्टर चालक वहां से गुजरा। ट्रैक्टर चालक तेजी और लापरवाही से वाहन चला रहा था और जब उन्होंने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने ट्रैक्टर को एकदम से मोड़कर उनके ऊपर चढ़ाने की कोशिश की।
मिश्र ने बताया कि इसके बाद सिंह ट्रैक्टर के बंपर पर चढ़ गए और काफी दूर जाकर ट्रैक्टर चालक ने वाहन को रोका। ट्रैक्टर चालक ने उतरते ही लोहे की छड़ से सिंह पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस घटना में उन्हें गंभीर चोट आई। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस के अन्य कर्मी घटनास्थल पहुंचे, लेकिन तब तक ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला था। थाना प्रभारी ने बताया कि सिंह की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और मामले में जांच जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें