Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

कान्हामय हुआ ब्रज, जन्म के दर्शन पाने को लेकर ब्रजवासियों में भारी उत्साह

September 7, 2023

कान्हामय हुआ ब्रज, जन्म के दर्शन पाने को लेकर ब्रजवासियों में भारी उत्साह

मथुराः मथुरा नगरी में आज हर्ष और उल्लास का वातावरण है। देश भर के श्रद्धालु आज कान्हा के रात्रि बारह बजे होने वाले जन्मोत्सव के साक्षी बनने के लिए आए हुए हैं। सड़कों पर जहां जगह मिल रही है वहीं श्रद्धालु बैठे हैं। पूरे जनपद में कृष्ण जन्मोत्सव की धूम मची हुई है। रात्रि बारह बजे जन्म के दर्शन को लेकर ब्रजवासियों में भारी उत्साह है। पूरे शहर में यात्रियों के लिए जगह-जगह भंडारे लगाए गए हैं। कान्हा के जन्मोत्सव की खुशी में आज घर-घर श्रीकृष्ण की बाल स्वरूप की झांकियां सजाई गई हैं। सुबह से ब्रजवासी केले के पत्ते, अशोक के पत्ते खरीदते फिर रहे हैं। घर-घर कंहैया का जन्म होगा इसको लेकर ब्रजवासियों के घरों में धनिए की पंजीरी पाग और पकवान बनाए जा रहे हैं। माताएं सुबह से ही अपने लाडले कन्हैया के जन्म की खुशी में उतावली हैं।

सुबह से खीरे के अंदर सालिग्राम बिठा दिए गए हैं। रात्रि बारह बजे जन्म स्वरूप उन्हें निकालकर कंहैया के रूप में पूजा जाएगा। यह प्रथा ब्रज में प्रचलित है। रात्रि जब जन्म होगा तब घंटे घड़ियाल, शंख बजेंगे। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर बजने वाले ढोल मृदंग और शंख की ध्वनि पूरे ब्रज में सुनाई देगी। श्रीकृष्ण जन्मस्थान नयनाभिराम रोशनियों से जगमगा रही है। सुबह से ही मंदिर परिसर में विविध धार्मिक आयोजन कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे हैं। इस बार ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने श्रीकृष्ण की जन्मभूमि के लीला मंच पर अपने कार्यक्रम शुरू कर दिए। पहले यहां गुरू शरणानंद पुष्पांजलि कार्यक्रम में आते थे। श्रीराम मंदिर के महंत और श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास मथुरा आ चुके हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें